Bhopal Crime News: चलती बाइक पर दोस्त की गोली मारकर हत्या, पीछे बैठे युवक ने सिर में मारी गोली

भोपाल। राजधानी भोपाल में रविवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। निशातपुरा पुलिस चौकी के सामने चलती बाइक पर एक युवक ने अपने दोस्त को गोली मार दी। गोली लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी इलाके की बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से 32 बोर का खाली खोखा बरामद किया है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय इखलास उर्फ ताशी के रूप में हुई है।
बाइक पर बीच में बैठा था ताशी
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 8:30 बजे ताशी अपने दो दोस्तों के साथ बाइक से मछली पकड़ने के लिए जा रहा था। बाइक तीसरा युवक चला रहा था, जबकि ताशी बीच में और अलीम उर्फ अल्लू पीछे बैठा था।
बताया गया है कि इसी दौरान अलीम ने पिस्टल निकाली और ताशी के सिर पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
पुलिस के अनुसार, ताशी को गोली मारने के बाद आरोपी ने बाइक चला रहे युवक को भी पिस्टल दिखाकर धमकाया। इसके बाद वह उसे अपने साथ बाइक पर बैठाकर सिंधी कॉलोनी तक ले गया।
सिंधी कॉलोनी पहुंचकर आरोपी हुआ फरार
सिंधी कॉलोनी पहुंचने के बाद अलीम बाइक से उतरकर फरार हो गया। आरोपी के चंगुल से निकलने के बाद बाइक चला रहा युवक वापस घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मॉर्च्यूरी भेजा गया है।
हत्या से 15 दिन पहले हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, अमन कॉलोनी में रहने वाली एक महिला को अलीम अपनी बहन मानता था। ताशी उस महिला से बातचीत करता था, जिसे लेकर अलीम नाराज था।
बताया गया है कि करीब 15 दिन पहले इसी बात को लेकर ताशी और अलीम के बीच विवाद हुआ था। दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी, जिसमें ताशी का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था।
बाद में दोनों पक्षों के बीच समझाइश के बाद विवाद खत्म हो गया था और राजीनामा भी हो गया था। पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि आरोपी ने इसी पुराने विवाद को लेकर ताशी की हत्या की।
हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और वारदात की पूरी परिस्थितियों का खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
निशातपुरा चौकी के सामने हुई वारदात
घटना को लेकर एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई है। जिस समय वारदात हुई, उस दौरान निशातपुरा पुलिस चौकी में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, ऐसा बताया गया है। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है, ताकि आरोपी की गतिविधियों और फरार होने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा सके।
आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
निशातपुरा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अलीम उर्फ अल्लू की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या में इस्तेमाल हथियार, वारदात की पूरी वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी।





