Bhopal Food Safety News: पनीर की सब्जी में निकला बर्तन साफ करने वाला तार, खाद्य विभाग ने दो रेस्टोरेंट पर की कार्रवाई, पांच नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पनीर की सब्जी में बर्तन साफ करने वाला तार मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने आरआर राजोरिया रेस्टोरेंट और उसके पास स्थित डीके राजोरिया रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों रेस्टोरेंट से खाद्य पदार्थों के पांच नमूने लिए गए। अधिकारियों ने रेस्टोरेंट संचालकों को किचन में साफ-सफाई रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
दो रेस्टोरेंट से लिए पांच खाद्य नमूने
पनीर की सब्जी में बर्तन साफ करने वाला तार मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने आरआर राजोरिया रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। यहां से पनीर की सब्जी, दाल और चावल के नमूने लिए गए।
इसके बाद टीम ने पास में स्थित डीके राजोरिया रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया। यहां से पनीर और सोयाबीन तेल के नमूने लिए गए। दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए पांचों नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
संचालकों को खुद किचन की निगरानी करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दोनों रेस्टोरेंट के संचालकों को किचन में बेहतर साफ-सफाई रखने और भोजन तैयार करने के दौरान विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी।
अधिकारियों ने कहा कि रेस्टोरेंट संचालक स्वयं किचन में जाकर कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की निगरानी करें, ताकि भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक प्रयोगशाला से नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग को जांच रिपोर्ट का इंतजार है।





