Bhopal Horse Attack: भोपाल में घोड़े की लात लगने से ठेकेदार की मौत, पहले भी हो चुकी हैं घटनाएं, शिकायतों के बावजूद नहीं हटाया गया अस्तबल

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पंचशील नगर में घोड़े की लात लगने से घायल 39 वर्षीय ठेकेदार संतोष श्रवण कर की इलाज के दौरान मौत हो गई। संतोष रविवार शाम अपने रिश्तेदार की शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क के दोनों ओर बंधे घोड़ों के बीच से निकलते समय एक घोड़े ने उनके पेट में लात मार दी। गंभीर रूप से घायल संतोष को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि सार्वजनिक रास्ते पर घोड़े बांधने और अस्तबल को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
शादी के कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे संतोष
पंचशील नगर में सरदार पटेल स्कूल के पास रहने वाले संतोष श्रवण कर जर्जर मकानों को तोड़ने का ठेका लेते थे।
मृतक के छोटे भाई विनोद ने बताया कि रविवार को संतोष अपने साले के साथ मौसेरे भाई की शादी के कार्ड बांटने निकले थे। रिश्तेदारों को कार्ड देने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे।
विनोद के मुताबिक, उनके घर के पास रवि लोगांशी नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर कब्जा कर अस्तबल बना रखा है। यहां पांच से छह घोड़े पाले जा रहे हैं।
रविवार शाम करीब सात बजे संतोष इसी रास्ते से गुजर रहे थे। सड़क के दोनों तरफ घोड़े बंधे हुए थे। इसी दौरान एक घोड़े ने संतोष के पेट में जोरदार लात मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सोमवार सुबह इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद संतोष के पेट में तेज दर्द होने लगा और उन्हें सांस लेने में भी परेशानी होने लगी।
परिजन तत्काल उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उन्हें चूनाभट्टी स्थित दूसरे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे इलाज के दौरान संतोष की मौत हो गई।
पिछले साल ही रिश्तेदार के बेटे को लिया था गोद
संतोष की शादी को करीब 11 साल हो चुके थे। उनकी कोई संतान नहीं थी। पिछले साल ही उन्होंने अपने एक रिश्तेदार के बेटे को गोद लिया था।
परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और संतोष रिश्तेदारों को निमंत्रण देने निकले थे। इसी बीच हुए हादसे ने पूरे परिवार को गम में डुबो दिया।
पहले युवक को काट चुका है घोड़ा, कुत्ते की भी हुई थी मौत
संतोष के परिजनों का आरोप है कि अस्तबल में पाले जा रहे घोड़ों के कारण पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं।
विनोद के मुताबिक, यहां पाले जा रहे घोड़ों में से एक पहले भी एक युवक को काट चुका है। इसके अलावा एक कुत्ते की भी घोड़े की लात लगने से मौत हो गई थी।
परिजनों का कहना है कि इन घटनाओं के बावजूद घोड़ों को सार्वजनिक रास्ते पर बांधने का सिलसिला बंद नहीं हुआ।
सीएम हेल्पलाइन से लेकर थाने तक की थी शिकायत
विनोद ने बताया कि घोड़ों के कारण स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानी और हादसों की आशंका को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं।
सीएम हेल्पलाइन और टीटी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराने के साथ स्थानीय पार्षद को भी समस्या से अवगत कराया गया था।
पार्षद ने नगर निगम के माध्यम से कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया था। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि उनकी शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
दो दिन पहले चालान काटकर लौट गई थी निगम की टीम
मृतक के भाई के मुताबिक, हादसे से दो दिन पहले नगर निगम की टीम अस्तबल के पास पहुंची थी।
आरोप है कि निगम की टीम केवल चालानी कार्रवाई कर लौट गई। सार्वजनिक रास्ते पर घोड़ों को बांधने की समस्या को दूर करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
अब संतोष की मौत के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि यदि पिछली शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की गई होती तो इस हादसे को टाला जा सकता था।
टीटी नगर पुलिस ने शुरू की जांच
संतोष की मौत के मामले में टीटी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस घटना की परिस्थितियों के साथ परिजनों की ओर से अस्तबल संचालक के खिलाफ लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है।
फिलहाल अस्तबल संचालन और पूर्व में की गई शिकायतों को लेकर संबंधित विभागों की विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।





