Bhopal MD Drugs Case: उत्तर प्रदेश से ड्रग्स लाकर भोपाल में बेचने वाली महिला गिरफ्तार, बीफार्मा डिग्रीधारी साथी भी पकड़ाया

Bhopal MD Drugs Case: उत्तर प्रदेश से ड्रग्स लाकर भोपाल में बेचने वाली महिला गिरफ्तार, बीफार्मा डिग्रीधारी साथी भी पकड़ाया
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में एक महिला और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एमपी नगर जोन-2 से 38 वर्षीय श्रद्धा चौकीकर को 14.19 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा है। जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी राजेन्द्र राय को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों उत्तर प्रदेश से ड्रग्स लेकर भोपाल आए थे।
शराब दुकान के सामने ड्रग्स बेचने पहुंची थी महिला
क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि एमपी नगर जोन-2 स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के सामने एक महिला एमडी ड्रग्स बेचने आने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की।
महिला के मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। महिला पुलिसकर्मियों ने तलाशी ली तो उसके पास से 14.19 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम श्रद्धा चौकीकर बताया। वह मूल रूप से छिंदवाड़ा की रेलवे कॉलोनी की रहने वाली है और पिछले करीब दस वर्षों से भोपाल में रह रही है।
हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल और नशे की लत की बात आई सामने
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि श्रद्धा बीई की पढ़ाई कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि महंगे शौक और हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल के चलते वह नशे की आदी हो गई थी।
पूछताछ में महिला ने बताया कि दो दिन पहले वह अपने साथी राजेन्द्र राय के साथ उत्तर प्रदेश गई थी। पुलिस के अनुसार, दोनों वहीं से एमडी ड्रग्स लेकर भोपाल लौटे थे।
महिला की निशानदेही पर साथी भी गिरफ्तार
श्रद्धा से मिली जानकारी के आधार पर क्राइम ब्रांच ने साकेत नगर स्थित रीगल होटल के पास दबिश देकर 37 वर्षीय राजेन्द्र राय को गिरफ्तार कर लिया।
राजेन्द्र उमरिया जिले के नरोजाबाद का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, उसने बीफार्मा की पढ़ाई की है। दोनों आरोपियों से ड्रग्स की खरीद और सप्लाई के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
क्राइम ब्रांच ने श्रद्धा चौकीकर और राजेन्द्र राय के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति से ड्रग्स लेकर आए थे और भोपाल में किन लोगों को इसकी सप्लाई करने वाले थे। इसके अलावा दोनों के पहले भी ड्रग्स तस्करी में शामिल होने की संभावना की जांच की जा रही है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →