Bhopal MP Nagar Accident: DB Mall के सामने करंट वाले खंभे की चपेट में आए BJP युवा मोर्चा नेता, पत्नी भी झुलसी

भोपाल। राजधानी भोपाल के एमपी नगर इलाके में रविवार रात दर्दनाक हादसे में भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि डीबी मॉल के सामने सड़क पार करते समय उन्होंने स्ट्रीट लाइट के खंभे को सहारे के लिए पकड़ा, इसी दौरान वह कथित तौर पर करंट की चपेट में आ गए।
हादसे में उनकी पत्नी भी करंट की चपेट में आईं, लेकिन उन्होंने किसी तरह खुद को अलग कर लिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
डीबी मॉल से खरीदारी कर लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक दिव्यऋषि तिवारी रविवार रात परिवार के साथ डीबी मॉल में खरीदारी करने आए थे। परिवार का वाहन सड़क के दूसरी ओर खड़ा था। खरीदारी के बाद सभी लोग सड़क पार कर रहे थे।
इसी दौरान दिव्यऋषि ने सड़क किनारे लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे को सहारे के लिए पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि खंभे में करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगते ही वह मौके पर गिर पड़े।
उनकी पत्नी भी इसकी चपेट में आईं, लेकिन उन्होंने खुद को खंभे से अलग कर लिया।
खंभे से निकला मिला तार, पुलिस ने करवाया अलग
शुरुआती जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर स्ट्रीट लाइट के खंभे से एक तार निकला हुआ मिला था। हादसे के बाद पुलिस ने इस तार को अलग करवाया।
हालांकि, करंट खंभे में कैसे पहुंचा और हादसे की तकनीकी वजह क्या थी, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने मौके पर दिया CPR
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने दिव्यऋषि को बचाने की कोशिश की।
ट्रैफिक हेड कांस्टेबल जगदीश दांगी के मुताबिक पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही उन्हें CPR देने का प्रयास किया। इसके बाद उन्हें तत्काल नर्मदा अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे के उपचार के लिए AIIMS भोपाल ले जाने की सलाह दी।
AIIMS में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिसकर्मी दिव्यऋषि तिवारी को लेकर AIIMS भोपाल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। हादसे में स्ट्रीट लाइट के खंभे में करंट आने की वजह और इसके लिए जिम्मेदार परिस्थितियों को लेकर जांच की जरूरत सामने आई है।





