Dindori News: रसगुल्ला बताकर युवक को खिलाया सुअर मार बम, मुंह में विस्फोट से मौत, आरोपी पर केस दर्ज

डिंडौरी। मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में एक युवक की मुंह में विस्फोट होने से दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने युवक को रसगुल्ला बताकर सुअर मार बम खाने के लिए दे दिया। युवक ने जैसे ही उसे मुंह में रखकर चबाया, तेज धमाका हो गया। विस्फोट से उसका चेहरा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आंगन में आग ताप रहा था युवक
घटना डिंडौरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के पड़रिया छांटा गांव की है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजेन्द्र बरौतिया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात राजेन्द्र अपने परिवार के साथ भोजन करने के बाद घर के आंगन में बैठकर आग ताप रहा था। इसी दौरान गांव का रहने वाला रामभगत बरौतिया उसके घर पहुंचा और पास बैठकर बातचीत करने लगा। आरोप है कि बातचीत के दौरान रामभगत ने राजेन्द्र को एक वस्तु खाने के लिए दी और उसे रसगुल्ला बताया।
रसगुल्ला समझकर चबाया तो हुआ धमाका
परिजनों के अनुसार, राजेन्द्र ने रामभगत की बात पर भरोसा करते हुए उस वस्तु को मुंह में रख लिया। जैसे ही उसने उसे चबाया, अचानक तेज धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि वह वस्तु जंगली सुअरों को मारने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला विस्फोटक था, जिसे स्थानीय भाषा में सुअर मार बम कहा जाता है। विस्फोट इतना तेज था कि राजेन्द्र का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और घायल राजेन्द्र को संभालने का प्रयास किया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घटना के तुरंत बाद परिजन गंभीर रूप से घायल राजेन्द्र को ऑटो से डिंडौरी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन चेहरे और मुंह में आई गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।
आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
कोतवाली थाना पुलिस ने मामले में रामभगत बरौतिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 के तहत गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। इसके अलावा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
विस्फोटक कहां से आया, पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि रामभगत बरौतिया के पास सुअर मार बम कहां से आया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक को विस्फोटक जानबूझकर खिलाया गया था या घटना के पीछे कोई अन्य कारण था। आरोपी और मृतक के बीच किसी पुरानी रंजिश की संभावना भी जांच का विषय है। फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक मंशा स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति साफ हो सकेगी।





