भोपाल में MP ट्रैवल मार्ट आज से, 34 देशों के 100 से ज्यादा विदेशी मेहमान होंगे शामिल

भोपाल में MP ट्रैवल मार्ट आज से, 34 देशों के 100 से ज्यादा विदेशी मेहमान होंगे शामिल
भोपाल। मध्य प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक मंच देने के लिए बुधवार से भोपाल में MP ट्रैवल मार्ट 2026 शुरू होने जा रहा है। चार दिन तक चलने वाले इस आयोजन का समापन 10 अक्टूबर को होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मार्ट का शुभारंभ करेंगे।
इस बार ट्रैवल मार्ट में अमेरिका, फ्रांस, जापान, इटली समेत 34 से ज्यादा देशों के 100 से अधिक विदेशी टूर ऑपरेटर्स और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे। इसके अलावा देश के 15 से ज्यादा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 180 घरेलू टूर ऑपरेटर्स समेत 600 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
1100 करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव
MP ट्रैवल मार्ट के दौरान मध्य प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र से जुड़े 1100 करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्तावों और अनुबंधों को अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में होटल, वेलनेस रिसॉर्ट, लक्जरी टेंटेड कैंपिंग और इको-टूरिज्म यूनिट स्थापित करने के लिए 14 प्रमुख परियोजनाओं के तहत निजी निवेशकों को 252 करोड़ रुपये के 'लेटर ऑफ अवार्ड' दिए जाएंगे।
इसके अलावा पर्यटकों की सड़क यात्रा को बेहतर बनाने के लिए तीन प्रमुख पर्यटन राजमार्गों पर आधुनिक 'मार्ग सुविधा केंद्र' विकसित करने के लिए भी लेटर ऑफ अवार्ड दिए जाएंगे।
सीहोर में 848 करोड़ का बड़ा पर्यटन निवेश
इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण सीहोर जिले के रामगढ़ में 848.40 करोड़ रुपये का मेगा पर्यटन निवेश समझौता होगा। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड और एआरएम फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच होने वाले इस समझौते के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, गोल्फ विला, वेलनेस रिसॉर्ट और लक्जरी होटल सहित आधुनिक पर्यटन सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इस परियोजना से करीब 920 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने के साथ बड़ी संख्या में अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है।
2025 में 21 करोड़ से ज्यादा पर्यटक पहुंचे
पर्यटन विभाग के मुताबिक वर्ष 2025 में मध्य प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में 57 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और कुल पर्यटक संख्या 21.05 करोड़ तक पहुंच गई। MP ट्रैवल मार्ट 2026 का उद्देश्य इस बढ़ती पर्यटन गतिविधि को वैश्विक निवेश, बेहतर अधोसंरचना और रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।
34 देशों से आएंगे प्रतिनिधि
मार्ट में ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, स्पेन, इटली, ग्रीस, नीदरलैंड्स, पोलैंड, अमेरिका, कनाडा, मैक्सिको, ऑस्ट्रेलिया, जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, मलेशिया, थाईलैंड, वियतनाम, इंडोनेशिया, फिलीपींस, श्रीलंका, संयुक्त अरब अमीरात, इजराइल, मॉरीशस और केन्या समेत कई देशों के टूर ऑपरेटर्स और ट्रैवल लेखक शामिल होंगे।
वहीं, भारत के दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गोवा, हरियाणा, ओडिशा और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों के टूर ऑपरेटर्स भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
'मां की रसोई' में दिखेगा मालवा-निमाड़ का स्वाद
विदेशी मेहमानों को मध्य प्रदेश की पारंपरिक खान-पान संस्कृति से परिचित कराने के लिए 'मां की रसोई' का विशेष लाइव काउंटर भी लगाया गया है। यहां कोदो-मेथी भात, ज्वार-बाजरे की रोटी, मट्ठे के आलू, चक्की का साग, निघौना, दाल-बाफला, भुने भाटे का भर्ता और सिलबट्टे की चटनी जैसे पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →