Bhopal Retired IAS Murder: राकेश अग्रवाल हत्याकांड के आरोपी पर ₹50 हजार का इनाम, पुलिस ने जारी किया फोटो और हेल्पलाइन नंबर

भोपाल। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी वरुण बाल्मीकि की तलाश तेज कर दी गई है। भोपाल पुलिस ने आरोपी का ताजा फोटो और हुलिया जारी करते हुए उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान वरुण बाल्मीकि के रूप में हुई है। वह पंजाब के पटियाला जिले की नाभा तहसील स्थित आशा कॉलोनी का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान के लिए उसके हुलिए से जुड़ी एक खास जानकारी भी साझा की है। उसके गले पर बना टैटू उसकी प्रमुख पहचान बताया गया है।
गिरफ्तारी में मदद करने वाले को मिलेगा इनाम
हत्याकांड के बाद से वरुण बाल्मीकि फरार है। उसकी तलाश में भोपाल पुलिस और क्राइम ब्रांच की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने आम लोगों से भी आरोपी के बारे में जानकारी देने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के बारे में सटीक सूचना देने या उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात भी कही गई है।
पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
भोपाल पुलिस ने आरोपी से जुड़ी जानकारी साझा करने के लिए दो संपर्क नंबर जारी किए हैं। किसी भी व्यक्ति को आरोपी के बारे में जानकारी मिलती है तो वह इन नंबरों पर पुलिस से संपर्क कर सकता है।
क्राइम ब्रांच भोपाल: 9479990574
थाना रातीबड़: 9479990689
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर खुद कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।





