CM Mohan Yadav Omkareshwar Visit: 20 साल से मौन साधना कर रहे अवधूत संत सुखदेव मुनि के सामने नतमस्तक हुए मुख्यमंत्री, पथरीला रास्ता पार कर गुफा तक पहुंचे

खंडवा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर तीर्थनगरी ओंकारेश्वर पहुंचे। यहां भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने ओंकार पर्वत की गुफा में करीब 20 साल से मौन साधना कर रहे अवधूत संत सुखदेव मुनि के दर्शन किए। मुख्यमंत्री पथरीले रास्ते और दुर्गम चट्टानों को पार करते हुए संत की गुफा तक पहुंचे। उन्होंने संत के चरणों में शाल-श्रीफल अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान संत सुखदेव मुनि अपनी मौन साधना में लीन रहे। मुख्यमंत्री के साथ मंत्री विश्वास सारंग भी मौजूद रहे।
दुर्गम चट्टानों को पार कर संत की गुफा तक पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्तिक पूर्णिमा पर करीब तीन घंटे ओंकारेश्वर में रहे। भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ओंकारेश्वर बांध के नीचे ओंकार पर्वत के परिक्रमा मार्ग पर पहुंचे।
यहां दुर्गम चट्टानों के बीच एक छोटी सी गुफा में अवधूत संत सुखदेव मुनि वर्षों से साधना कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने पथरीला रास्ता तय कर संत के पास पहुंचकर उनके चरणों में शाल-श्रीफल अर्पित किया। दोनों हाथ जोड़कर मस्तक झुकाया और उन्हें प्रणाम किया। हालांकि, इस दौरान संत ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और अपनी साधना में लीन रहे।
करीब 20 साल से मौन साधना कर रहे सुखदेव मुनि
अवधूत संत सुखदेव मुनि मूल रूप से कहां के रहने वाले हैं और ओंकारेश्वर कैसे पहुंचे, इसके बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब दो दशक पहले संत ओंकार पर्वत की एक छोटी सी गुफा में दिखाई दिए थे। तभी से वे यहां मौन रहकर साधना कर रहे हैं।
संत अधिकांश समय दिगंबर अवस्था में रहते हैं। गर्मी, सर्दी और बरसात के बीच भी उनकी जीवनशैली में कोई विशेष बदलाव नहीं होता। जमीन ही उनका बिछौना है और प्रकृति ही उनका आश्रय है।
पर्वत से निकलने वाला प्राकृतिक पानी पीते हैं संत
ओंकार पर्वत की चट्टानों के बीच स्थित संत की गुफा के आसपास तीन शेड बनाए गए हैं। सुरक्षा के लिए जाली भी लगाई गई है।
संत पर्वत से आने वाले प्राकृतिक पानी का ही सेवन करते हैं। उनकी देखरेख ओंकारेश्वर-ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर के समीप स्थित गजानन भक्त निवास द्वारा की जाती है।
संत के दर्शन करने पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंत्री विश्वास सारंग ने भी पर्वत से आने वाला प्राकृतिक पानी पिया।
दादा गुरु के आग्रह पर भी नहीं तोड़ा था मौन
संत सुखदेव मुनि की सबसे खास बात उनकी मौन साधना है। वे किसी से बातचीत नहीं करते और अधिकांश समय अपनी साधना में लीन रहते हैं।
नर्मदा परिक्रमा और साधना में जुटे अवधूत संत दादा गुरु भी उनसे मिलने पहुंचे थे। उन्होंने सुखदेव मुनि से संवाद करने और भोजन कराने का प्रयास किया था, लेकिन संत ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी।
स्थानीय श्रद्धालुओं के बीच मान्यता है कि संत बहुत कम अवसरों पर किसी की ओर अपनी दृष्टि उठाते हैं।
सांसारिक सुख-सुविधाओं से दूर संत का जीवन
आधुनिक सुख-सुविधाओं और भौतिक संसाधनों से दूर संत सुखदेव मुनि का जीवन पूरी तरह प्रकृति के बीच बीत रहा है। न उनका कोई बड़ा आश्रम है, न प्रवचन के आयोजन और न ही किसी तरह का प्रचार-प्रसार।
ओंकार पर्वत की गुफा में वर्षों से साधनारत सुखदेव मुनि के दर्शन के लिए श्रद्धालु भी पहुंचते हैं। हालांकि, संत किसी के आने-जाने पर सामान्यतः कोई प्रतिक्रिया नहीं देते हैं।
नर्मदा तट पर आज भी जीवित है तप और त्याग की परंपरा
मां नर्मदा के उत्तर और दक्षिण तटों पर आज भी कई ऐसे साधु-संत साधना कर रहे हैं, जिनका जीवन सांसारिक सुख-सुविधाओं से अलग है। कोई गुफा में साधना करता है तो कोई जंगल और निर्जन स्थानों पर रहकर तपस्या करता है।
ओंकारेश्वर के अवधूत संत सुखदेव मुनि भी इसी आध्यात्मिक परंपरा का हिस्सा हैं। करीब दो दशक से मौन साधना कर रहे संत के दर्शन के लिए मुख्यमंत्री का दुर्गम रास्ता पार कर उनकी गुफा तक पहुंचना श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।





