MP Government Bungalow Rent Due: विधायकों, पूर्व मंत्रियों और सांसदों पर सरकारी बंगलों का करोड़ों रुपए किराया बकाया, 23 को नोटिस, जानें किस पर कितनी देनदारी

MP Government Bungalow Rent Due: विधायकों, पूर्व मंत्रियों और सांसदों पर सरकारी बंगलों का करोड़ों रुपए किराया बकाया, 23 को नोटिस, जानें किस पर कितनी देनदारी

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सरकारी बंगलों के किराए और जुर्माने की वसूली को लेकर संपदा संचालनालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। विधायकों, पूर्व मंत्रियों, पूर्व सांसदों, नेताओं, अधिकारियों और विभिन्न संस्थाओं पर करीब 10 करोड़ रुपए का किराया और जुर्माना बकाया है। संपदा संचालनालय ने फिलहाल 23 बकाएदारों को नोटिस जारी किए हैं। वहीं, अन्य बकाएदारों के किराए और जुर्माने का हिसाब तैयार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि चुनाव हार चुके कई पूर्व मंत्री न तो बकाया किराया जमा कर रहे हैं और न ही सरकारी बंगले खाली कर रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे पर 32 लाख रुपए बकाया

संपदा संचालनालय के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के बड़े बेटे प्रकाश जोशी पर सरकारी आवास का 32 लाख रुपए बकाया है। इसके अलावा कई पूर्व मंत्रियों, विधायकों और पूर्व सांसदों पर भी लाखों रुपए की देनदारी है।

जानें किस पर कितना रुपए बकाया

प्रकाश जोशी, पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे – 32 लाख रुपए

रामपाल सिंह, पूर्व मंत्री – 16 लाख रुपए

अरविंद भदौरिया, पूर्व मंत्री – 17 लाख रुपए

मीना सिंह, विधायक – 17 लाख 52 हजार रुपए

एल मुरुगन – 13 लाख रुपए

प्रज्ञा सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद – 18 लाख रुपए

केपी यादव, पूर्व सांसद – 9 लाख रुपए

बहुजन समाज पार्टी – 11 लाख रुपए

महेंद्र सिंह चौहान, कांग्रेस नेता – 18 लाख रुपए

चुनाव हारने के बाद भी खाली नहीं किए सरकारी बंगले

मिली जानकारी के मुताबिक, कई पूर्व मंत्री चुनाव हारने के बाद भी सरकारी बंगलों में रह रहे हैं। इनमें से कई ने बकाया किराया भी जमा नहीं किया है।

कुछ मामले ऐसे भी हैं, जिनमें सरकारी आवास आवंटित किए जाने वाले व्यक्ति का निधन हो चुका है, लेकिन आवास से संबंधित बकाया राशि का निराकरण अब तक नहीं हुआ है।

23 बकाएदारों को नोटिस, बाकी का तैयार हो रहा हिसाब

संपदा संचालनालय ने सरकारी आवासों के किराए और जुर्माने की वसूली के लिए 23 बकाएदारों को नोटिस जारी किए हैं। इसके अलावा अन्य नेताओं, अधिकारियों और संस्थाओं पर बकाया राशि का हिसाब तैयार किया जा रहा है।

करोड़ों रुपए की बकाया राशि के बावजूद प्रभावी वसूली नहीं होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

नोटिस से आगे कब बढ़ेगी कार्रवाई?

सरकारी बंगलों का किराया जमा नहीं करने और निर्धारित अवधि के बाद भी आवास खाली नहीं करने के मामलों में प्रशासन की कार्रवाई फिलहाल नोटिस जारी करने तक सीमित नजर आ रही है।

अब देखना होगा कि संपदा संचालनालय बकाया राशि की वसूली और सरकारी आवासों को खाली कराने के लिए आगे क्या कदम उठाता है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →