Dewas Poisonous Liquor Case: जहरीली शराब कांड में एक और युवक की मौत, डेढ़ महीने से चल रहा था इलाज, अब तक 14 लोगों ने गंवाई जान

देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले के चंदाना-बिंजाना में हुए जहरीली शराब कांड में मरने वालों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। शराब पीने के बाद करीब डेढ़ महीने से बीमार चल रहे राकेश जेठीवाल ने बुधवार सुबह इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक, शराब पीने के बाद राकेश की आंखों की रोशनी चली गई थी। उन्हें सुनने में भी परेशानी हो रही थी। बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनकी मौत हो गई। फिलहाल शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
12 अक्टूबर को शराब पीने के बाद बिगड़ी थी तबीयत
राकेश जेठीवाल ने 12 अक्टूबर को शराब पी थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें इलाज के लिए इंदौर के अरबिंदो अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
इलाज के दौरान राकेश करीब 10 दिनों तक वेंटिलेटर पर रहे। स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने के बाद अस्पताल से उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। हालांकि, नियमित जांच और उपचार के लिए परिजन उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे थे।
इलाज के दौरान चली गई थी आंखों की रोशनी
परिजनों ने बताया कि शराब पीने के बाद राकेश के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ा था। इलाज के दौरान उनकी आंखों की रोशनी चली गई थी। उन्हें सुनने में भी परेशानी होने लगी थी।
बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। बड़े भाई दीपक और मां उन्हें लेकर अरबिंदो अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों का आरोप- सालों से गांव में बिक रही थी अवैध शराब
ग्रामीण विकास परमार और अन्य लोगों का आरोप है कि गांव में पिछले कई वर्षों से अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी।
ग्रामीणों के मुताबिक, लाइसेंसी शराब दुकान गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर है। ऐसे में कई लोग गांव में ही अवैध रूप से शराब बेचने वालों से शराब खरीदते थे।
27 सितंबर से शुरू हुआ था मौतों का सिलसिला
चंदाना-बिंजाना में मौतों का सिलसिला 27 सितंबर से शुरू हुआ था। सबसे पहले किशोर परमार की मौत हुई थी। इसके बाद अक्टूबर में लगातार कई लोगों की जान गई। मृतकों में 30 से 40 वर्ष की उम्र के कई युवक भी शामिल थे।
शराब पीने के बाद पीड़ितों को पेटदर्द, चक्कर आने, घबराहट और उल्टी जैसी शिकायतें हुई थीं। कुछ लोगों की तबीयत इतनी तेजी से बिगड़ी कि कुछ ही घंटों में उनकी मौत हो गई।
17 अक्टूबर को दो और लोगों की बिगड़ी थी तबीयत
17 अक्टूबर को शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने पर 32 वर्षीय संजू और 55 वर्षीय फूल सिंह को इंदौर के एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान दोनों की भी मौत हो गई थी।
अब राकेश जेठीवाल की मौत के साथ इस शराब कांड में जान गंवाने वालों की संख्या 14 हो गई है। लगातार हुई मौतों और ग्रामीणों के आरोपों के बाद अवैध शराब की बिक्री पर नियंत्रण को लेकर प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।





