ग्वालियर में 50 से ज्यादा पटवारियों को नोटिस, स्वामित्व योजना में लापरवाही पर सख्ती

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में स्वामित्व योजना के काम में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों पर शासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिले में 50 से ज्यादा पटवारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। यह कार्रवाई प्रदेशभर में चल रही कार्रवाई का हिस्सा बताई जा रही है।
शासन के निर्देश के बाद भी स्वामित्व योजना से जुड़े लंबित काम पूरे नहीं करने पर एसडीएम स्तर के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पदस्थ पटवारियों को नोटिस दिए हैं। अधिकारियों ने संबंधित पटवारियों को जल्द से जल्द लंबित काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि नोटिस स्वामित्व योजना में लापरवाही को लेकर जारी किए गए हैं, लेकिन इसमें फसल गिरदावरी, गिरदावरी से जुड़े काम, फार्मर रजिस्ट्री और ई-केवाईसी जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया गया है।
पटवारियों को काम पूरा करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिए जाने की जानकारी सामने आई है। साथ ही साफ किया गया है कि तय समय में काम पूरा नहीं करने या दोबारा लापरवाही सामने आने पर आगे और सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
शासन की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग के मैदानी अमले में हड़कंप की स्थिति है। माना जा रहा है कि लंबित राजस्व कार्यों को जल्द पूरा कराने के लिए आने वाले दिनों में अन्य जिलों में भी इसी तरह की कार्रवाई हो सकती है।





