इंदौर में 50 फीट नीचे गिरी तेज रफ्तार थार, रेलिंग तोड़कर ब्रिज से नीचे जा गिरी; 4 घायल

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के प्रतीक सेतु ब्रिज पर तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए करीब 50 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के बाद थार कई बार पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में थार सवार चार लोग घायल हुए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त ब्रिज के नीचे सड़क पर कोई अन्य वाहन नहीं था, वरना दुर्घटना और गंभीर हो सकती थी।
रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी थार
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ब्लैक कलर की थार अन्नपूर्णा क्षेत्र से बिजलपुर की तरफ जा रही थी। रात करीब 3:30 बजे प्रतीक सेतु ब्रिज पर पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित हो गया।
तेज रफ्तार थार सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रेलिंग टूट गई और वाहन करीब 50 फीट नीचे जा गिरा। नीचे गिरने के बाद थार पलट गई।
टक्कर के दौरान वाहन के एयरबैग भी खुल गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
कार में फंसे थे घायल
थार के नीचे गिरने और पलटने के कारण उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए थे। मौके पर पहुंचे लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया।
घायलों की पहचान आरती (25), अभिजीत (20), आदित्य और लावण्या के रूप में हुई है। चारों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हादसे में थार का अगला और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सड़क पर नहीं था कोई दूसरा वाहन
हादसे की सबसे बड़ी राहत वाली बात यह रही कि जिस समय थार रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी, उस समय ब्रिज पर या नीचे सड़क पर कोई दूसरा वाहन नहीं था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन आखिर किस वजह से अनियंत्रित हुआ। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की एक वजह माना जा रहा है।
चालक नशे में था या नहीं, जांच जारी
एसीपी निधि सक्सेना ने बताया कि हादसा राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के प्रतीक सेतु ब्रिज पर देर रात हुआ। ब्लैक कलर की थार करीब 50 फीट नीचे गिरी थी।
उन्होंने बताया कि हादसे में चार लोग घायल हुए हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
एसीपी के मुताबिक, वाहन चालक नशे में था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। इसके लिए मेडिकल जांच और अन्य तथ्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों, वाहन की रफ्तार और चालक की स्थिति समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।




