जेल में प्रज्वल रेवन्ना के मोबाइल में मिले पोर्न वीडियो, जेल के अंदर 2 लाख तक में बिकता था फोन

जेल में प्रज्वल रेवन्ना के मोबाइल में मिले पोर्न वीडियो, जेल के अंदर 2 लाख तक में बिकता था फोन
बेंगलुरु। परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में बंद पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच में कई आपत्तिजनक वीडियो मिलने की जानकारी सामने आई है। जांच में मोबाइल फोन में पोर्न वीडियो और पेन ड्राइव में वेब सीरीज मिलने की बात कही गई है। प्रज्वल रेवन्ना को जेल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते पकड़े जाने के बाद ये डिवाइस जब्त किए गए थे। क्राइम ब्रांच ने 11 अगस्त को जेल में छापा मारा था। इस दौरान प्रज्वल के पास से मोबाइल फोन, चार्जर, पेन ड्राइव और नोटबुक बरामद की गई थी। अब इन उपकरणों की फोरेंसिक जांच में सामने आई सामग्री को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
जेल में 2 लाख रुपये तक में बिकता था मोबाइल
जांच में जेल के अंदर मोबाइल फोन की कथित ब्लैक मार्केट का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, बाहर करीब 10 हजार रुपये में मिलने वाला मोबाइल जेल के अंदर 75 हजार से 2 लाख रुपये तक में बेचा जाता था। जांच एजेंसियों को शक है कि जेल के कुछ कर्मचारियों की मदद से मोबाइल फोन अंदर पहुंचाए जा रहे थे। जेल अधिकारियों के अनुसार, पिछले आठ महीनों में परप्पना अग्रहारा जेल से 300 से ज्यादा मोबाइल फोन जब्त किए जा चुके हैं। अधिकारियों ने जेल में लगे जैमर सिस्टम की तकनीकी क्षमता पर भी सवाल उठाए हैं। बताया गया है कि करीब 15 साल पुराना 2G जैमर सिस्टम होने के कारण 5G नेटवर्क के दौर में कैदी इसका फायदा उठाकर मोबाइल और डेटा कॉल का इस्तेमाल कर रहे थे।
आंध्र प्रदेश से एक्टिवेट SIM का पैटर्न
जांच के दौरान बरामद ज्यादातर सिम कार्ड के आंध्र प्रदेश में एक्टिवेट होने का पैटर्न सामने आने की बात कही गई है। एक मामले में सिम कार्ड को कार्बन पेपर में लपेटकर और टेप से सील कर कैदी के मुंह में छिपाकर जेल के अंदर पहुंचाने का आरोप भी सामने आया है।
प्रज्वल को मोबाइल पहुंचाने के मामले में 9 गिरफ्तार
बेंगलुरु पुलिस ने सेंट्रल जेल के अंदर मोबाइल फोन और सिम कार्ड पहुंचाने से जुड़े तीन मामलों में शुक्रवार को 9 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, जांच में कुछ मोबाइल फोन जेल वार्डर और सिम कार्ड एक अंडरट्रायल कैदी के जरिए अंदर पहुंचाए जाने की बात सामने आई है। एक अन्य मामले में जेल वार्डर श्रीनिवास नाइक पर करीब 12 मोबाइल फोन अवैध तरीके से जेल के अंदर पहुंचाने का आरोप है। तीसरे मामले में एक मोबाइल फोन जेल के अंदर पहुंचाने में चीफ वार्डन विजय कुमार की कथित भूमिका की जांच की जा रही है। प्रज्वल रेवन्ना JDS विधायक एचडी रेवन्ना के बेटे और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के पोते हैं। वे एक घरेलू सहायिका से रेप के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। जेल में मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामान मिलने के मामले में उनके खिलाफ जेल नियमों के तहत कार्रवाई के साथ अलग से केस दर्ज होने की संभावना भी जांच का हिस्सा है। फिलहाल पुलिस जेल के अंदर मोबाइल फोन पहुंचाने वाले नेटवर्क, इसमें कर्मचारियों की कथित भूमिका और जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मिली सामग्री की जांच कर रही है।
Abhishek Dubey

लेखक के बारे में

Abhishek Dubey

Managing Editor

A journalist with more than 15 years of experience in investigative reporting

View all posts by Abhishek Dubey