Katni Fire Accident: कटनी अग्निकांड में एक साथ उठीं 6 अर्थियां, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, 30 दिन में मांगी रिपोर्ट

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। सोमवार को जब एक साथ छह अर्थियां उठीं तो हर किसी की आंखें नम हो गईं। गमगीन माहौल में मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। इस बीच हादसे के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही के आरोपों को देखते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। कलेक्टर आशीष तिवारी ने अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है, जिसे 30 दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपनी होगी। वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
एक साथ उठीं छह अर्थियां, शोक में डूबा बरही
दीपावली की रात बरही में क्रॉकरी दुकान और उससे जुड़े तीन मंजिला आवासीय भवन में आग लगने से एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई थी। मृतकों में पूरनलाल अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला, बहू पूनम, आर्या, अन्वी और दो माह का मासूम शामिल थे। हादसे के बाद सोमवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ छह अर्थियां उठने से पूरे बरही नगर में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल व्यवस्था और राहत कार्यों में हुई कथित देरी को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
मुख्यमंत्री ने चार-चार लाख रुपये की सहायता के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बरही अग्निकांड में छह लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह सोमवार को बरही पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि परिवार को हुई क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
30 दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कलेक्टर आशीष तिवारी को अग्निकांड की परिस्थितियों और राहत एवं बचाव कार्यों में संभावित लापरवाही की मजिस्ट्रियल जांच कराने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट ने चार सदस्यीय जांच समिति गठित की। समिति को 30 दिनों के भीतर घटना के कारणों, परिस्थितियों और संभावित लापरवाही से संबंधित विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक सामने आने पर संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित
कलेक्टर आशीष तिवारी ने अपर कलेक्टर नीलाम्बर मिश्र को जांच समिति का अध्यक्ष बनाया है। समिति में विजयराघवगढ़ के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजय धारवे, कैमोर के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते और कटनी की सहायक यंत्री विद्युत सुरक्षा ज्योति यादव को सदस्य बनाया गया है। समिति आग लगने के कारणों के साथ पुलिस, राजस्व और अग्निशमन विभाग की भूमिका की भी जांच करेगी।
आग लगने के कारण और बचाव कार्यों की होगी जांच
जांच समिति बरही निवासी पूरनलाल पिता भगवत प्रसाद के आवासीय भवन और उसमें संचालित क्रॉकरी दुकान में लगी आग के सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी। समिति यह पता लगाएगी कि आग किन परिस्थितियों में लगी और उसका वास्तविक कारण क्या था। इसके अलावा घटना के दौरान पुलिस, राजस्व और अग्निशमन विभाग द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी। भवन और दुकान के संचालन में सुरक्षा मानकों तथा संबंधित नियमों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच होगी। समिति यह भी निर्धारित करेगी कि हादसे या बचाव कार्यों के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही हुई थी या नहीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और दस्तावेजों का होगा परीक्षण
जांच के दौरान समिति प्रत्यक्षदर्शियों, संबंधित अधिकारियों और प्रभावित पक्षों के बयान दर्ज करेगी। इसके साथ ही आवश्यक दस्तावेजों, विभागीय अभिलेखों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा। समिति अपनी रिपोर्ट में भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी सुझाव भी देगी।
प्रभारी मंत्री ने घायल रितेश अग्रवाल का जाना हाल
प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह बरही के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भी पहुंचे। यहां उन्होंने अग्निकांड में जीवित बचे और उपचाररत रितेश अग्रवाल (43) से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर उपचार और समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कांग्रेस ने दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की
बरही अग्निकांड को लेकर कांग्रेस ने भी प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। कटनी के कांग्रेस के पूर्व शहरी एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष करण सिंह चौहान ने वीडियो जारी कर हादसे में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने घटना में संभावित लापरवाही की जांच कर दोषियों की जिम्मेदारी तय करने की बात कही। फिलहाल प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रियल जांच शुरू करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आग लगने के वास्तविक कारणों और किसी संभावित प्रशासनिक लापरवाही की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





