कटनी में चौथी मंजिल से महिला ने लगाई छलांग, पुणे जाने को लेकर पति से हुआ था विवाद

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी में घरेलू विवाद के बाद एक महिला ने जिला अस्पताल परिसर की निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना शनिवार की है। महिला करीब 30 मिनट तक चौथी मंजिल पर खड़ी रही। पुलिस, अस्पताल स्टाफ और परिजन उसे समझाकर नीचे उतारने का प्रयास करते रहे, लेकिन उसने अचानक छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण महिला को गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
घायल महिला की पहचान माधवनगर की इंद्रा ज्योति कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय दुर्गा वंशकार, पति संतोष वंशकार के रूप में हुई है।
पुणे जाने की जिद को लेकर पति से हुआ विवाद
परिजनों के मुताबिक, दुर्गा अपने पति के साथ पुणे जाने की बात कह रही थी। घर में बच्चों की तबीयत खराब होने के कारण पति ने फिलहाल उसे साथ ले जाने में असमर्थता जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
परिजनों के अनुसार, विवाद के बाद महिला घर से निकल गई और जिला अस्पताल परिसर की निर्माणाधीन इमारत में पहुंच गई। इसके बाद वह इमारत की चौथी मंजिल पर चढ़ गई।
चौथी मंजिल पर महिला को देखकर मचा हड़कंप
महिला को निर्माणाधीन इमारत की चौथी मंजिल पर खतरनाक स्थिति में खड़ा देखकर अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों और तीमारदारों की नजर उस पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना कोतवाली पुलिस, अस्पताल स्टाफ और सुरक्षा गार्डों को दी गई। पुलिस और परिजनों ने महिला को समझाने तथा सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया।
करीब 30 मिनट तक समझाते रहे पुलिस और परिजन
मौके पर मौजूद लोगों ने करीब आधे घंटे तक महिला से नीचे उतरने की अपील की। पुलिसकर्मियों, अस्पताल कर्मचारियों और परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नीचे आने के लिए तैयार नहीं हुई।
इसके बाद महिला ने वहां मौजूद लोगों के सामने ही चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। महिला के नीचे गिरते ही अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में इलाज जारी, हालत स्थिर
महिला के नीचे गिरने के बाद अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों और परिजनों ने तत्काल उसे इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया। जिला सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा के मुताबिक, महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया है और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
ऊंचाई से गिरने के कारण महिला को फ्रैक्चर और अंदरूनी चोटें आई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उसकी आगे की जांच और उपचार किया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे के मुताबिक, शुरुआती जांच में महिला के व्यवहार को लेकर पुलिस को कुछ बातें सामने आई हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ के दौरान महिला द्वारा पूर्व में भी इस तरह की आत्मघाती हरकत किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस घटना के कारणों और महिला के परिवार में हुए विवाद को लेकर परिजनों से पूछताछ कर रही है।





