MP किसान योजना: लॉटरी से चुने गए 165 किसान विजेता, 55 को ट्रैक्टर, 55 को बुलेट और 55 को ई-स्कूटर

MP किसान योजना: लॉटरी से चुने गए 165 किसान विजेता, 55 को ट्रैक्टर, 55 को बुलेट और 55 को ई-स्कूटर
मध्य प्रदेश में किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के तहत आयोजित राज्य स्तरीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के 165 विजेताओं का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया है। प्रदेश के सभी 55 जिलों से चुने गए इन किसानों को मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कारों में ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटर शामिल हैं।
55 किसानों को मिलेगा ट्रैक्टर
वीर भारत न्यास और किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की संयुक्त पहल पर आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 55 ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 55 बुलेट मोटरसाइकिल और तृतीय पुरस्कार के रूप में 55 ई-स्कूटर दिए जाएंगे।
भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल जिले के विजेताओं को सम्मानित करेंगे। संदीप वर्मा को ट्रैक्टर, सुहानी राजपूत को बुलेट मोटरसाइकिल और समीर गौड़ को ई-स्कूटर प्रदान किया जाएगा। अन्य जिलों में प्रभारी मंत्री विजेताओं को पुरस्कार वितरित करेंगे।
करीब 40 हजार किसानों ने लिया हिस्सा
वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी के अनुसार, ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थी। इसमें किसानों को कृषि विकास, किसान कल्याण और सरकारी योजनाओं से जुड़े 24 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने थे।
प्रतियोगिता में करीब 40 हजार किसानों ने भाग लिया। इनमें से 15,298 प्रतिभागियों ने सभी 24 प्रश्नों के सही उत्तर दिए और उन्हें अंतिम मेरिट सूची में शामिल किया गया। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत लॉटरी से 165 विजेताओं का चयन किया गया।
सभी 55 जिलों से चुने गए विजेता
प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश के सभी 55 जिलों को शामिल किया गया। प्रत्येक जिले से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए एक-एक विजेता चुना गया। विजेताओं की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
किसानों को योजनाओं के प्रति जागरूक करना उद्देश्य
आयोजकों के मुताबिक, किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व का उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देना, कृषि विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना और खेती में योगदान देने वाले किसानों को सम्मानित करना है। इस पहल के जरिए किसानों को कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़े विषयों की जानकारी से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →