MP: कूनो रेस्टहाउस के बाहर डिप्टी कलेक्टर की सरकारी गाड़ी में लगी आग, देखते ही देखते धू-धूकर जली कार

श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के कूनो से बड़ी खबर सामने आई है। कूनो रेस्टहाउस के बाहर खड़ी डिप्टी कलेक्टर शिवलाल शाक्य की सरकारी गाड़ी में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार धू-धूकर जल गई। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक डिप्टी कलेक्टर शिवलाल शाक्य कूनो रेस्टहाउस में मौजूद थे और वहां से कलेक्ट्रेट जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान रेस्टहाउस के बाहर खड़ी सरकारी गाड़ी से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में वाहन आग की लपटों से घिर गया।
आग बुझाने से पहले जलकर खाक हुई कार
गाड़ी में आग लगने की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने अधिकारियों को सूचना दी और आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन को बचाया नहीं जा सका।
सूचना मिलते ही डायल-112 और दमकल की टीम को मौके पर भेजा गया। दमकल के पहुंचने तक गाड़ी काफी हद तक जल चुकी थी और बाद में पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
आग लगने की वजह अब तक साफ नहीं
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के कूनो रेस्टहाउस की बताई जा रही है। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल सरकारी वाहन में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।





