MP Politics: मंत्री के घर के बाहर भूख हड़ताल का ऐलान BJP विधायक को पड़ा भारी, प्रदेश अध्यक्ष ने थमाया नोटिस

MP Politics: मंत्री के घर के बाहर भूख हड़ताल का ऐलान BJP विधायक को पड़ा भारी, प्रदेश अध्यक्ष ने थमाया नोटिस
धार। मध्य प्रदेश में अपनी ही पार्टी की केंद्रीय मंत्री के सरकारी आवास के बाहर भूख हड़ताल का ऐलान करना धरमपुरी से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर को भारी पड़ गया। पार्टी संगठन ने मामले को अनुशासनहीनता मानते हुए विधायक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने विधायक से तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है।
दरअसल, धरमपुरी विधायक कालू सिंह ठाकुर ने धामनोद नगर पालिका के सीएमओ पर जनता की समस्याओं की अनदेखी और सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया था। इसके विरोध में उन्होंने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर के धार स्थित सरकारी आवास के बाहर भूख हड़ताल करने का ऐलान किया था।
विधायक के इस कदम से पार्टी के भीतर मामला गरमा गया। अपनी ही सरकार और केंद्रीय मंत्री के आवास के बाहर आंदोलन की घोषणा को संगठन ने गंभीरता से लेते हुए अब कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रदेश अध्यक्ष ने तीन दिन में मांगा जवाब
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से 5 अक्टूबर 2026 को जारी नोटिस में विधायक के आचरण को पार्टी अनुशासन के अनुरूप नहीं बताया गया है। नोटिस में कहा गया है कि विधायक का व्यवहार अत्यंत आपत्तिजनक है और उन्हें तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देना होगा। जवाब नहीं देने की स्थिति में उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचा मामला
विधायक को जारी कारण बताओ नोटिस की प्रतियां भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मध्य प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भी भेजी गई हैं।
अब सबकी नजर विधायक कालू सिंह ठाकुर के जवाब पर है। तीन दिन के भीतर विधायक संगठन को क्या सफाई देते हैं और पार्टी उनके जवाब पर क्या फैसला करती है, यह देखना अहम होगा।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →