MP Teacher Recruitment 2025: राहुल गांधी ने CM मोहन यादव को लिखा पत्र, वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद बढ़ाने की मांग

भोपाल। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-2 और वर्ग-3 के पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। 29 सितंबर 2026 को लिखे पत्र में उन्होंने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।
इंदौर में अभ्यर्थियों ने उठाई पदवृद्धि की मांग
राहुल गांधी ने पत्र में लिखा कि इंदौर में आयोजित ‘छात्रा की गुंज’ कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अभ्यर्थियों ने वर्ग-2 और वर्ग-3 की भर्ती में पद बढ़ाने की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं, लेकिन शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के केवल 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पद ही निकाले गए हैं।
सीमित पदों के कारण नौकरी का इंतजार
राहुल गांधी के मुताबिक, अभ्यर्थियों की मांग है कि शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर हो और हजारों युवाओं को स्थायी नौकरी का अवसर मिल सके।
उन्होंने कहा कि कई अभ्यर्थी परीक्षा में अच्छे अंक हासिल कर चुके हैं और कई अतिथि शिक्षक के रूप में सेवाएं भी दे रहे हैं। इसके बावजूद सीमित पदों के कारण उन्हें स्थायी नौकरी नहीं मिल पा रही है। लंबे इंतजार के चलते कई अभ्यर्थी अब आयु सीमा के करीब पहुंच गए हैं।
आंदोलन और भूख हड़ताल का भी जिक्र
राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए शिक्षक अभ्यर्थी आंदोलन और भूख हड़ताल कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों के घर सरकार की ओर से नोटिस भेजकर उन्हें डराने की कोशिश भी की जा रही है।
नोटिस वापस लेने और मुलाकात की मांग
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अनुरोध किया कि आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस तत्काल वापस लिए जाएं और उनके प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी जाएं।
उन्होंने सरकार से वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि करने तथा दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग की है।





