MP News: नगरीय निकायों में वित्तीय गड़बड़ी पर कार्रवाई, टिमरनी-कानड़ के पूर्व CMO की पेंशन में कटौती

मध्य प्रदेश के नगरीय निकायों में वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने कार्रवाई की है। टिमरनी और कानड़ के पूर्व मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO) की पेंशन में कटौती की गई है, जबकि खरगोन में प्रतिमा स्थापना से जुड़े मामले में दो इंजीनियरों की वेतन वृद्धि रोकने के आदेश जारी किए गए हैं।
विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे के स्तर पर की गई इन कार्रवाइयों का संबंध सरकारी खरीद, पेयजल योजना और निर्माण कार्यों में सामने आई अनियमितताओं से है।
टिमरनी के पूर्व CMO की पेंशन से 10% राशि रोकी जाएगी
हरदा जिले की टिमरनी नगर पालिका के तत्कालीन CMO राजाराम सोनपुर को स्वच्छता सामग्री की खरीद में अनियमितता के मामले में दोषी पाया गया। विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए अगले 5 साल तक पेंशन से 10 प्रतिशत राशि रोकने के आदेश दिए हैं।
वहीं, आगर-मालवा जिले की कानड़ नगर परिषद में पेयजल योजना के क्रियान्वयन में वित्तीय अनियमितता के मामले में तत्कालीन CMO पवन मिश्रा की पेंशन में 3 प्रतिशत की स्थायी कटौती की गई है।
खरगोन में दो इंजीनियरों की वेतन वृद्धि रोकी
खरगोन में प्रतिमा स्थापना के दौरान हुई अनियमितता के मामले में विभाग ने उपयंत्री जितेंद्र सोडा और सहायक यंत्री मनीष महाजन के खिलाफ भी कार्रवाई की है। दोनों अधिकारियों की वेतन वृद्धि रोकने के आदेश जारी किए गए हैं।
विभाग का उद्देश्य नगरीय निकायों में वित्तीय अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करना तथा सरकारी धन के दुरुपयोग पर अंकुश लगाना है। इन कार्रवाइयों के जरिए विभाग ने स्पष्ट किया है कि निकायों में खरीद, योजनाओं और निर्माण कार्यों से जुड़ी अनियमितताओं पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।





