National Para Swimming Championship: भोपाल में 26वीं नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप शुरू, 26 राज्यों के 400 से ज्यादा खिलाड़ी शामिल, CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ

National Para Swimming Championship: भोपाल में 26वीं नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप शुरू, 26 राज्यों के 400 से ज्यादा खिलाड़ी शामिल, CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 13 नवंबर को 26वीं नेशनल पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुलसी नगर स्थित प्रकाश तरण पुष्कर में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। चैंपियनशिप में देश के 26 राज्यों के 400 से अधिक पैरा तैराक हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 100 महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं। कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग सहित जनप्रतिनिधि, खेल अधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।

26 राज्यों के 400 से अधिक पैरा तैराक पहुंचे भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राष्ट्रीय पैरा स्विमिंग चैंपियनशिप का भोपाल में आयोजन प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए दिव्यांग खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार प्रगति कर रहा है। भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपने प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाया है।

पैरालंपिक में भारत के प्रदर्शन का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 के रियो पैरालंपिक में भारत ने चार पदक जीते थे। इसके बाद टोक्यो पैरालंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने 19 पदक हासिल किए। वर्ष 2024 के पेरिस पैरालंपिक में भारत ने 29 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय पैरा खेल प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के पैरा तैराक भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

मध्यप्रदेश में संचालित हो रहीं 11 खेल अकादमियां

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में वर्तमान में विभिन्न खेलों की 11 अकादमियां संचालित की जा रही हैं। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने पद्मश्री सत्येंद्र सिंह लोहिया की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से मध्यप्रदेश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। सरकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बेहतर खेल स्टेडियम विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

वॉटर स्पोर्ट्स का हब बन रहा भोपाल

मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल तेजी से वॉटर स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। यहां कयाकिंग, कैनोइंग और रोइंग के साथ सेलिंग जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भोपाल की बड़ी झील में सेलिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा चुकी है। वहीं, बरखेड़ा नाथू में विकसित किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में बड़े खेल आयोजनों की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की संख्या लगातार बढ़े।

हर विधानसभा में खेल स्टेडियम बनाने की तैयारी

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि खेल जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खिलाड़ियों और खेल सुविधाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और प्रदेश 17वें-18वें स्थान से तीसरे स्थान तक पहुंचा है। मंत्री सारंग ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में खेल स्टेडियम विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। इन स्टेडियमों में पैरा खिलाड़ियों के लिए भी विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

19 नवंबर से एशियन महिला हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन

खेल मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि मध्यप्रदेश में 19 नवंबर से एशियाई महिला हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें एशिया के छह देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि भोपाल के पास बरखेड़ा नाथू में अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल परिसर विकसित किया जा रहा है। इससे प्रदेश में बड़े खेल आयोजनों के साथ खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं भी मिलेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश प्राकृतिक सौंदर्य, पर्यटन और खानपान के साथ अब खेल गतिविधियों के माध्यम से भी देश-दुनिया में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →