पर्यावरण को सरंक्षित करने संकल्पित होने की जरूरत


रायपुर
प्रधान मुख्य वन सरंक्षक प्रकाश चन्द्र पाण्डे ने कहा कि वर्तमान समय प्रदूषण इतना विकराल रूप ले चुका है कि हरेक को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेने की जरूरत है। पर्यावरण को सरंक्षित और सवंर्धित करने के लिए जहाँपर भी खाली जगह मिले वहाँ पेड़ लगाकर प्रकृति से जुड़ें।

पाण्डे प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा विधानसभा रोड स्थित शान्ति सरोवर रिट्रीट सेन्टर में विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि पर्यावरण हम सभी के लिए है। इसलिए हमें साथ मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण में वृक्षों की अहम भूमिका है अत: हमें अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर उसकी सुरक्षा पर ध्यान देना होगा। अन्यथा जिस रफ्तार से आपदा मूलक तूफान आदि आ रहे हैं उनसे सुरक्षित रह पाना मुश्किल हो जाएगा।

ब्रह्माकुमारी संस्थान की क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी कमला दीदी ने कहा कि हम लोग विकास की दौड़ में अपने धरातल को छोड़कर आगे बढ़ रहे हैं। यह दौड़ हमें पाश्चात्य संस्कृति की ओर ले जा रही है। किन्तु अब हमें फिर से अध्यात्म की ओर लौटने की जरूरत है। दैनिक जीवन में प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का उपयोग पर्यावरण को बहुत नुकसान पहुँचा रहा है। इसका उपयोग प्रतिबन्धित करना चाहिए। लोग घरों में जगह कम होने के कारण बोन्साई पेड़ लगा रहे हैं किन्तु इससे पर्यावरण का सरंक्षण नहीं हो सकता। अगर किसी के घर में जगह होती भी है तो वह मनी प्लान्ट लगाने में रूचि रखते हैं। अगर आपके घरों में या उसके आसपास जगह है तो छायादार और फलदार पेड़ अवश्य लगाएं।

The Naradmuni Desk

The Naradmuni Desk

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.