Ujjain News: CM मोहन यादव ने RSS प्रचारक विनोद कुमार को दिया कांधा, पार्षद माया त्रिवेदी को भी दी श्रद्धांजलि

Ujjain News: CM मोहन यादव ने RSS प्रचारक विनोद कुमार को दिया कांधा, पार्षद माया त्रिवेदी को भी दी श्रद्धांजलि
उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को उज्जैन प्रवास के दौरान दो अलग-अलग शोक कार्यक्रमों में शामिल होकर दिवंगत विनोद कुमार और पार्षद माया राजेश त्रिवेदी को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं समाजसेवी विनोद कुमार की अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें कांधा दिया। वहीं, वार्ड क्रमांक 22 की पार्षद माया राजेश त्रिवेदी के निधन पर उनके निज निवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
RSS प्रचारक विनोद कुमार की अंतिम यात्रा में शामिल हुए CM
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को सरदारपुरा स्थित संघ कार्यालय ‘आराधना भवन’ पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत RSS प्रचारक विनोद कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री अंतिम यात्रा में शामिल हुए और अर्थी को कांधा देकर विनोद कुमार को अंतिम विदाई दी।
इस दौरान नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा समेत कई जनप्रतिनिधि, पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और संघ के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्षद माया त्रिवेदी के निधन पर जताया शोक
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसके बाद वार्ड क्रमांक 22 की पार्षद माया राजेश त्रिवेदी के कार्तिक चौक स्थित निज निवास पहुंचे। उन्होंने दिवंगत पार्षद के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए उन्हें इस कठिन समय में ढांढस बंधाया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष ओम जैन और उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी समेत अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →