Ujjain News: शाही मस्जिद विवाद थमने के बाद सड़क चौड़ीकरण शुरू, लोग खुद तोड़ रहे मकान-दुकान

उज्जैन। शाही मस्जिद को लेकर हुए विवाद के बाद अब गोलामंडी से टंकी चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है। क्षेत्र के रहवासी और दुकानदार विकास कार्य में सहयोग करते हुए अपने मकान और दुकानों के चिन्हित हिस्से खुद तोड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ी होने से आने-जाने की सुविधा बेहतर होगी और सिंहस्थ 2028 के दौरान भी इसका फायदा मिलेगा।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से अपील की है कि उनके सहयोग के बाद जल्द से जल्द मलबा हटाने और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ सके।
15 मीटर चौड़ी होगी सड़क
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार सिंहस्थ महापर्व 2028 को देखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण और उन्नयन का काम कराया जा रहा है। इसी कड़ी में गाड़ी अड्डा चौराहा से विक्रमादित्य क्लॉथ मार्केट, दानीगेट, कमरी मार्ग, ढाबा रोड होते हुए छोटी पुलिया तक सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है।
नगर निगम के अधिकारियों को काम की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। काम को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर करने की योजना है, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो।
लोगों ने खुद शुरू किया मकान-दुकान हटाना
शाही मस्जिद विवाद के बाद अब गोलामंडी चौराहे से टंकी चौक तक सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू किया गया है। प्रभावित हिस्सों को हटाने के लिए क्षेत्र के लोग खुद आगे आए हैं। कई रहवासी और दुकानदार अपने हाथों से मकान-दुकानों के चिन्हित हिस्से तोड़ रहे हैं।
रहवासी इश्तीयाक हुसैन ने कहा कि वे विकास कार्य में पूरा सहयोग कर रहे हैं और अपना मकान खुद तोड़ रहे हैं। वहीं दुकानदार विश्वास पोरवाल ने कहा कि सड़क का विकास होने से आने वाले समय में व्यापार को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के लोग स्वेच्छा से अपने मकान और दुकान के प्रभावित हिस्से हटाने में जुटे हैं।
क्षेत्रवासियों के इस सहयोग से सड़क चौड़ीकरण के काम को गति मिलने की उम्मीद है। अब लोगों की मांग है कि प्रशासन भी मलबा हटाने और बैरिकेडिंग का काम जल्द पूरा करे, ताकि निर्माण कार्य में किसी तरह की रुकावट न आए।





