Ajay Singh CEC Photo Controversy: मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ तस्वीर पर घिरे कांग्रेस विधायक अजय सिंह, बोले- मैं ज्ञानेश कुमार को नहीं जानता, भाजपा ने कसा तंज

Ajay Singh CEC Photo Controversy: मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ तस्वीर पर घिरे कांग्रेस विधायक अजय सिंह, बोले- मैं ज्ञानेश कुमार को नहीं जानता, भाजपा ने कसा तंज

भोपाल। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चुरहट से कांग्रेस विधायक अजय सिंह की एक तस्वीर सामने आने के बाद मध्य प्रदेश की सियासत गरमा गई है। तस्वीर को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। विवाद बढ़ने के बाद अजय सिंह ने सफाई देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पहचानने से इनकार कर दिया। वहीं, भाजपा ने उनके बयान पर तंज कसते हुए राहुल गांधी के सामने खुद को बचाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

अजय सिंह बोले- मैं ज्ञानेश कुमार को नहीं जानता

तस्वीर को लेकर कांग्रेस विधायक अजय सिंह ने कहा कि वे ज्ञानेश कुमार को जानते तक नहीं हैं। यह तस्वीर एक शादी के रिसेप्शन में खींची गई थी। इसे किसी ने वायरल नहीं किया, बल्कि यह उनके अपने फेसबुक अकाउंट पर मौजूद है।

अजय सिंह ने कहा कि पता नहीं वहां ज्ञानेश कुमार थे या अमित शाह, कौन किससे पूछे। उन्होंने सवाल किया कि जब हम मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफे की मांग कर चुके हैं, तो मैं उनसे बात क्यों करूंगा?

भाजपा ने अजय सिंह की सफाई पर साधा निशाना

पूर्व नेता प्रतिपक्ष का बयान सामने आने के बाद भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा का कहना है कि एक तरफ कांग्रेस मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले जला रही है और कथित वोट चोरी के आरोप लगा रही है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक उनके साथ तस्वीर में नजर आ रहे हैं।

भाजपा ने कांग्रेस पर तथ्यों से परे जाकर आरोप लगाने की बात कहते हुए अजय सिंह की सफाई पर भी सवाल उठाए हैं।

राहुल गांधी का नाम लेकर भाजपा ने कसा तंज

भाजपा ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त को पहचानने से इनकार कर अजय सिंह अब राहुल गांधी के सामने खुद को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।

वहीं, अजय सिंह का कहना है कि तस्वीर एक शादी समारोह की है। इसे लेकर उनकी ओर से स्थिति स्पष्ट कर दी गई है। हालांकि, इस तस्वीर और उनके बयान को लेकर प्रदेश में सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →