Amit Shah Bhopal: अमित शाह बोले- 2029 तक मध्य प्रदेश को नशामुक्त करेंगे, नए कानून का मूल मंत्र न्याय है, दंड नहीं

Amit Shah Bhopal: अमित शाह बोले- 2029 तक मध्य प्रदेश को नशामुक्त करेंगे, नए कानून का मूल मंत्र न्याय है, दंड नहीं
भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को भोपाल में मध्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने का बड़ा संकल्प दोहराया। भेल दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर 2029 के बाद मध्य प्रदेश में नशे की जगह नहीं होगी। शाह ने कहा कि वे प्रदेश में नशे के खिलाफ बारीक प्लानिंग के साथ काम करने आए हैं।
अमित शाह ने इस दौरान नए आपराधिक कानूनों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के बनाए कानून तत्कालीन सरकार और प्रशासन को बचाने के लिए बनाए गए थे, जबकि नए कानूनों का उद्देश्य भारत के नागरिकों के सम्मान, संपत्ति और शरीर की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों का मूल मंत्र ‘न्याय है, दंड नहीं।’
35 हजार से ज्यादा गोपालकों का सम्मेलन
भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में 35 हजार से ज्यादा गोपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े लोगों के शामिल होने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में अमित शाह ने गोपालक दीदियों को सम्मानित किया और डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।
कार्यक्रम में गोशालाओं के लिए करीब 101 करोड़ रुपये की सहायता और उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले डेयरी प्लांट का वर्चुअल भूमिपूजन भी किया गया।
पशुपालन और नस्ल सुधार पर जोर
अमित शाह ने कहा कि भोपाल में केंद्रीय प्रयोगशाला बनाई गई है और शिवपुरी में मिनी डेयरी प्लांट के लिए जमीन उपलब्ध कराने की योजना है। उन्होंने कहा कि यहां गोवंश और भैंस की नस्ल सुधार पर काम किया जाएगा।
शाह ने कहा कि सेक्स-शॉर्टेड सीमन तकनीक के इस्तेमाल से बछड़ी पैदा होने की संभावना बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने प्रदेश में दूध उत्पादन को 50 लाख लीटर प्रतिदिन तक ले जाने के लक्ष्य की बात भी कही।
नए कानूनों को लेकर शाह का दावा
नए आपराधिक कानूनों का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि पहले न्याय व्यवस्था को ‘तारीख पर तारीख’ के लिए जाना जाता था, लेकिन नए कानूनों के तहत जांच और न्याय प्रक्रिया को समयबद्ध बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। केंद्र सरकार पहले भी नए आपराधिक कानूनों के तहत समयबद्ध न्याय और तकनीक आधारित जांच पर जोर देती रही है।
पुलिस अफसरों के साथ बैठक
अमित शाह मध्य प्रदेश के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ करीब दो घंटे की बैठक भी करेंगे। बैठक में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन और पुलिस व्यवस्था से जुड़े विषयों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा शाह IISER भोपाल के अत्रि परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।
हर ब्लॉक में पशुपालकों की प्रतियोगिता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी 313 ब्लॉकों में चयनित वृंदावन गांवों में उन्नत पशुपालकों और उनके पशुओं की प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें प्रथम स्थान पाने वाले पशुपालक को 1 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
मध्य प्रदेश सरकार का फोकस इस कार्यक्रम के जरिए दुग्ध उत्पादन, पशुपालन, सहकारी संस्थाओं और ग्रामीण आय से जुड़े क्षेत्रों को बढ़ावा देने पर है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →