Anuppur Crime: अनूपपुर में युवक ने मां, नाना-नानी समेत परिवार पर लाठी-डंडों से किया हमला, 4 की मौत; आरोपी हिरासत में

Anuppur Crime: अनूपपुर में युवक ने मां, नाना-नानी समेत परिवार पर लाठी-डंडों से किया हमला, 4 की मौत; आरोपी हिरासत में
अनूपपुर। जिले के ग्राम अमोदा बिजौरा में शनिवार को एक युवक द्वारा परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। हमले में युवक की मां, नाना-नानी समेत चार लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मरदरी, थाना नौरोजाबाद निवासी प्रेम सिंह करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां अनुपिया बाई के साथ अमोदा बिजौरा स्थित अपने नाना-नानी के घर आया था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को सनी धाम के समीप किसी बात को लेकर उसका पंडा गंगा सिंह से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों के बीच मारपीट होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रेम सिंह को पकड़कर उसके नाना-नानी के घर ले जाकर रस्सी से बांध दिया। बताया जा रहा है कि युवक की मां ने उसे बंधा देखकर रस्सी खोल दी। इसके बाद उसने कथित तौर पर अपनी मां पर ही लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद नाना संपत और नानी भन्नी पर भी हमला किया गया। हमले में तीनों की मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने अपने मामा चैन सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला कर दिया। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में करीब पांच वर्षीय मुनका सिंह, भारती सिंह और चंचल समेत कई लोग घायल हुए।
सभी घायलों को उपचार के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इलाज के दौरान मुनका सिंह की मौत हो गई। वहीं सनी धाम के पंडा गंगा सिंह भी हमले में घायल हुए हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची अनूपपुर और उमरिया पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही अनूपपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घटनास्थल पर अनूपपुर के साथ उमरिया जिले की पुलिस भी तैनात रही। घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और हमले के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जा रहे हैं, जबकि घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी वजह और हमले के क्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →