Apple New Store in India: हैदराबाद में खुलेगा एपल का सातवां रिटेल स्टोर, 10 दिसंबर को होगा शुभारंभ, मोतियों से प्रेरित होगा डिजाइन

नई दिल्ली। दिग्गज टेक कंपनी एपल भारत में अपने रिटेल नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रही है। कंपनी ने अब हैदराबाद में अपना नया रिटेल स्टोर खोलने का ऐलान किया है। 'एपल कुकटपल्ली' नाम से खुलने वाला यह भारत में कंपनी का सातवां रिटेल स्टोर होगा। यह स्टोर 10 दिसंबर को शाम पांच बजे ग्राहकों के लिए खोला जाएगा। खास बात यह है कि नए स्टोर की थीम हैदराबाद की पहचान माने जाने वाले मोतियों से प्रेरित है।
हैदराबाद के इस मॉल में खुलेगा नया स्टोर
एपल का नया रिटेल स्टोर हैदराबाद के कुकटपल्ली इलाके में स्थित लेक शोर-वाई जंक्शन मॉल में खुलेगा। इसके साथ ही हैदराबाद एपल का आधिकारिक रिटेल स्टोर पाने वाला भारत का छठा शहर बन जाएगा।
कंपनी ने स्टोर के शुभारंभ से पहले इसके बाहर लगाए गए बैरिकेड का डिजाइन भी पेश कर दिया है। इसमें हैदराबाद की सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय विरासत की झलक देखने को मिल रही है।
मोतियों की चमक से प्रेरित है एपल का लोगो
एपल कुकटपल्ली के बाहर लगाए गए बैरिकेड पर मोतियों से प्रेरित एपल का रंग-बिरंगा लोगो बनाया गया है। इसमें अलग-अलग रंगों की चमक दिखाई देती है।
दरअसल, हैदराबाद को 'मोतियों का शहर' भी कहा जाता है। यहां दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लाए गए मोतियों को तराशने और साफ करने की सदियों पुरानी परंपरा रही है।
हालांकि, कंपनी ने अभी तक नए स्टोर के इंटीरियर की तस्वीरें और डिजाइन सार्वजनिक नहीं किए हैं।
ग्राहकों के लिए खास वॉलपेपर और म्यूजिक प्लेलिस्ट
नए स्टोर की शुरुआत को यादगार बनाने के लिए एपल ने ग्राहकों के लिए खास डिजिटल वॉलपेपर और स्टिकर भी तैयार किए हैं, जिन्हें डाउनलोड किया जा सकेगा।
इसके अलावा एपल म्यूजिक पर हैदराबाद की स्थानीय ध्वनियों और संगीत से प्रेरित एक विशेष प्लेलिस्ट भी तैयार की गई है।
खरीदारी के साथ नई तकनीक सीखने का मिलेगा मौका
एपल के नए रिटेल स्टोर में ग्राहकों को आईफोन, मैकबुक और कंपनी के अन्य प्रोडक्ट्स देखने और इस्तेमाल करके आजमाने का अवसर मिलेगा।
ग्राहकों को अपनी जरूरत के अनुसार सही प्रोडक्ट चुनने के लिए विशेषज्ञों की सलाह भी मिल सकेगी।
इसके अलावा स्टोर में फोटोग्राफी, वीडियो और ड्राइंग से जुड़ी विशेष वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से ग्राहक एपल के डिवाइस और उनके फीचर्स का बेहतर इस्तेमाल करना सीख सकेंगे।
हैदराबाद में पहले से मौजूद हैं एपल की टीमें
कंपनी के अनुसार हैदराबाद में एपल की रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) और रिटेल कस्टमर केयर टीमें पहले से मौजूद हैं। नया रिटेल स्टोर खुलने से शहर में कंपनी की मौजूदगी और मजबूत होगी।
2023 में भारत में खुले थे एपल के पहले दो स्टोर
एपल ने वर्ष 2023 में भारत में अपने पहले दो आधिकारिक रिटेल स्टोर खोले थे। इनमें मुंबई का एपल बीकेसी और दिल्ली का एपल साकेत शामिल हैं।
इसके बाद कंपनी ने देश के अन्य प्रमुख शहरों में भी अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार किया।
भारत में एपल के मौजूदा छह रिटेल स्टोर
मुंबई – एपल बीकेसी
नई दिल्ली – एपल साकेत
मुंबई – एपल बोरीवली
नोएडा – एपल नोएडा
बेंगलुरु – एपल हेब्बल
पुणे – एपल कोरेगांव पार्क
अब 10 दिसंबर को हैदराबाद में एपल कुकटपल्ली के शुभारंभ के साथ भारत में कंपनी के आधिकारिक रिटेल स्टोर्स की संख्या सात हो जाएगी।





