Bhind Murder Case: गेट खोलने में देरी पर जीजा ने की 19 साल के साले की हत्या, शराब के नशे में पहुंचा था ससुराल, आरोपी गिरफ्तार

Bhind Murder Case: गेट खोलने में देरी पर जीजा ने की 19 साल के साले की हत्या, शराब के नशे में पहुंचा था ससुराल, आरोपी गिरफ्तार

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के गोहद में घर का गेट खोलने में देरी होने पर एक युवक ने अपने 19 वर्षीय साले की हत्या कर दी। आरोपी शादी समारोह से शराब के नशे में ससुराल पहुंचा था। गेट खोलने को लेकर जीजा और साले के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जीजा ने साले के सिर पर पत्थर की पटिया से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

शादी समारोह से लौटकर ससुराल पहुंचा था आरोपी

घटना गोहद थाना क्षेत्र के ऐंचाय रोड स्थित प्रकाश नगर वार्ड क्रमांक-4 की है। आरोपी आनंद निगम श्यामपुरा गांव का रहने वाला है। मृतक सूरज जाटव उसका साला था।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब दो से तीन बजे आनंद शादी समारोह से बाइक पर सवार होकर अपनी ससुराल पहुंचा था। बताया जा रहा है कि उस समय वह शराब के नशे में था।

गेट खोलने में देरी पर हुआ जीजा-साले के बीच विवाद

घर का गेट खोलने में देरी होने पर आनंद नाराज हो गया। इसी बात को लेकर उसका अपने साले सूरज जाटव से विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर आनंद ने सूरज के सिर पर पत्थर की पटिया से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण सूरज की मौत हो गई। घटना के बाद आनंद मौके से भाग निकला।

पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही गोहद थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह कुशवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर आनंद निगम को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने मृतक सूरज जाटव के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है।

थाना प्रभारी बोले- मामले की जांच जारी

गोहद थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक का पोस्टमार्टम भी कराया जा चुका है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →