Indore Khajrana Ganesh Temple: भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष फिर विवादों में, प्रतिबंधित गर्भगृह में दर्शन करने का वीडियो वायरल

Indore Khajrana Ganesh Temple: भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष फिर विवादों में, प्रतिबंधित गर्भगृह में दर्शन करने का वीडियो वायरल

इंदौर। भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। इस बार उनका एक वीडियो खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह से सामने आया है। मंदिर के गर्भगृह में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित है और विशेष अनुमति मिलने पर ही यहां जाकर दर्शन किए जा सकते हैं। इससे पहले उज्जैन के महाकाल मंदिर में नियमों के उल्लंघन के मामले में रुद्राक्ष शुक्ला के वीआईपी और प्रोटोकॉल दर्शन पर एक साल की रोक लगाई जा चुकी है। अब खजराना गणेश मंदिर का वीडियो सामने आने के बाद मंदिरों की वीआईपी दर्शन व्यवस्था पर फिर सवाल उठने लगे हैं।

गर्भगृह में दर्शन करते नजर आए रुद्राक्ष शुक्ला

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में विधायक पुत्र रुद्राक्ष शुक्ला खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में दर्शन करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में मंदिर की पार्किंग में उनकी गाड़ी भी दिखाई दे रही है।

हालांकि, मंदिर प्रबंधन समिति ने अभी तक वीडियो की पुष्टि नहीं की है। समिति के पदाधिकारियों ने भी इस संबंध में जानकारी होने से इनकार किया है।

कलेक्टर की अनुमति के बाद ही गर्भगृह में प्रवेश

खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में आम श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित है। विशेष परिस्थितियों में कलेक्टर की अनुमति मिलने के बाद ही गर्भगृह में प्रवेश कर दर्शन किए जा सकते हैं।

अनुमति मिलने के बाद भी श्रद्धालुओं को भगवान की प्रतिमा स्पर्श करने की इजाजत नहीं है।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि रुद्राक्ष शुक्ला को गर्भगृह में प्रवेश के लिए अनुमति मिली थी या नहीं। फिलहाल इस संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

विधायक के बड़े बेटे ने भी गर्भगृह में पहनाई थी वरमाला

इससे पहले भी विधायक गोलू शुक्ला के परिवार के सदस्यों के खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश को लेकर सवाल उठ चुके हैं।

विधायक के बड़े बेटे अजनेश शुक्ला का पिछले साल विवाह हुआ था। शादी के बाद वे अपनी पत्नी के साथ खजराना गणेश मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। इस दौरान दोनों ने गर्भगृह में एक-दूसरे को वरमाला पहनाई थी।

इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आम श्रद्धालुओं के लिए गर्भगृह में प्रवेश प्रतिबंधित होने के चलते उस समय भी मंदिर की वीआईपी व्यवस्था पर सवाल उठे थे।

महाकाल मंदिर में रील बनाने पर लग चुकी है एक साल की रोक

रुद्राक्ष शुक्ला इससे पहले उज्जैन के महाकाल मंदिर में रील बनाने को लेकर विवादों में आ चुके हैं। महाकाल मंदिर में श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन के इस्तेमाल, फोटो खींचने और वीडियो बनाने पर प्रतिबंध है।

इसके बावजूद वीआईपी व्यवस्था के तहत दर्शन करने पहुंचे रुद्राक्ष शुक्ला ने मंदिर के चांदी द्वार तक मोबाइल से रील बनवाई थी। बाद में उन्होंने यह रील अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी पोस्ट की थी।

वीडियो में सुरक्षाकर्मी उन्हें रोकने के बजाय प्रोटोकॉल के तहत दर्शन कराते नजर आए थे।

मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन ने रुद्राक्ष शुक्ला के वीआईपी और प्रोटोकॉल दर्शन पर एक साल की रोक लगा दी थी। हालांकि, उन्हें आम श्रद्धालुओं की तरह कतार में लगकर दर्शन करने की अनुमति है।

देवास में पुजारी से विवाद पर दर्ज हो चुकी है एफआईआर

करीब दो साल पहले देवास में भी रुद्राक्ष शुक्ला का नाम एक विवाद में सामने आया था। मंदिर बंद होने के बाद दर्शन करने पहुंचे रुद्राक्ष का पुजारी से विवाद हो गया था।

इस मामले में उनके खिलाफ देवास में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद उन्हें थाने में भी पेश होना पड़ा था।

अब खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह का वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर रुद्राक्ष शुक्ला विवादों में हैं। हालांकि, गर्भगृह में प्रवेश के लिए निर्धारित नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →
Indore Khajrana Ganesh Temple: भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष फिर विवादों में, प्रतिबंधित गर्भगृह में दर्शन करने का वीडियो वायरल