बड़वानी में स्मार्ट मीटर के नाम पर बिजली बिल में जुड़े 7,350 रुपये, अधिकारी बोले- राशि ज्यादा लग रही है

बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में स्मार्ट मीटर बदलने के बाद बिजली बिल में 7,350 रुपये की अतिरिक्त राशि जुड़ने का मामला सामने आया है। उपभोक्ता अशोक कुमार गोले ने बिजली विभाग पर बिना पूर्व सूचना के यह शुल्क लगाने का आरोप लगाया है। मामला सामने आने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने जांच कराने का आश्वासन दिया है।
मीटर बदला और बिल में जुड़ गए 7,350 रुपये
उपभोक्ता अशोक गोले के मुताबिक, बिजली विभाग के कर्मचारी उनके घर पहुंचे और पुराना मीटर निकालकर नया स्मार्ट मीटर लगा दिया। इस दौरान उन्हें मीटर बदलने के शुल्क या किसी अतिरिक्त राशि की जानकारी नहीं दी गई। बाद में बिजली बिल मिला तो उसमें 7,350 रुपये अतिरिक्त जुड़े हुए थे।
गोले का कहना है कि क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से बिजली बिल पहले की तुलना में अधिक आ रहे हैं। उन्होंने विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बिल में जोड़ी गई अतिरिक्त राशि कम करने और भविष्य में किसी भी शुल्क की जानकारी पहले से देने की मांग की है।
अधिकारी बोले- इतनी राशि नहीं होनी चाहिए
मामले को लेकर बिजली विभाग के अधीक्षण यंत्री अरविंद सिंह ने कहा कि उन्हें इस प्रकरण की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि मीटर बदलने का निर्धारित शुल्क होता है, लेकिन 7,350 रुपये की राशि अधिक प्रतीत होती है। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कराने का आश्वासन दिया है।
अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि बिल में जोड़ी गई राशि किस मद में ली गई है और क्या उपभोक्ता से निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली हुई है। फिलहाल उपभोक्ता ने अतिरिक्त राशि को लेकर सवाल उठाए हैं और विभाग से समाधान की मांग की है।




