MP में सेबी का ‘प्रोजेक्ट जागरूक’ अभियान, युवाओं को सुरक्षित निवेश और वित्तीय ठगी से बचाने की तैयारी

MP में सेबी का ‘प्रोजेक्ट जागरूक’ अभियान, युवाओं को सुरक्षित निवेश और वित्तीय ठगी से बचाने की तैयारी
भोपाल। मध्य प्रदेश में युवाओं और आम नागरिकों को सुरक्षित निवेश के प्रति जागरूक करने और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाने के लिए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) ‘प्रोजेक्ट जागरूक’ अभियान चलाने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत सरकारी कॉलेजों के विद्यार्थियों को वित्तीय साक्षरता, निवेश के सही तरीकों और फर्जी निवेश योजनाओं की पहचान करने की जानकारी दी जाएगी।
सरकारी कॉलेजों के विद्यार्थियों पर रहेगा फोकस
अभियान का उद्देश्य युवाओं को शेयर बाजार और निवेश के विभिन्न माध्यमों की समझ देना है, ताकि वे पोंजी स्कीमों और साइबर व वित्तीय ठगी से बच सकें। इसके लिए प्रदेश के सरकारी कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है।
इस पहल में केवल उच्च शिक्षा विभाग ही नहीं, बल्कि विश्वविद्यालयों, कौशल विकास, महिला एवं बाल विकास, पुलिस और पंचायती राज विभाग को भी शामिल करने की योजना है। इससे शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों में भी वित्तीय जागरूकता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा प्रस्ताव
सेबी अध्यक्ष तुहिन कांत पांडे ने प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल को पत्र लिखकर अभियान का प्रस्ताव साझा किया है। उच्च शिक्षा विभाग से इसे मंजूरी मिलने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन और अपर मुख्य सचिव वित्त मनीष रस्तोगी को भी योजना के रोडमैप के संबंध में पत्र भेजा गया है।
पुलिस और सरकारी कर्मचारियों को भी मिलेगी ट्रेनिंग
प्रस्ताव में पुलिसकर्मियों, महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले और अन्य सरकारी विभागों के कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने का सुझाव दिया गया है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को वित्तीय धोखाधड़ी के तरीकों के प्रति जागरूक करना और उन्हें आम लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने में सक्षम बनाना है।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाने की तैयारी है। अब विस्तृत कार्ययोजना तैयार होने और जमीनी स्तर पर कार्यक्रम शुरू होने के बाद ही अभियान के क्रियान्वयन का पूरा स्वरूप स्पष्ट होगा।