बालाघाट में नर्स की हत्या का खुलासा: शादी से इनकार करने पर प्रेमी ने घोंटा गला, आत्महत्या की कहानी बनाकर पुलिस को किया गुमराह

बालाघाट में नर्स की हत्या का खुलासा: शादी से इनकार करने पर प्रेमी ने घोंटा गला, आत्महत्या की कहानी बनाकर पुलिस को किया गुमराह
बालाघाट। मध्यप्रदेश के बालाघाट में 21 वर्षीय नर्स साक्षी डोहरे की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करते हुए उसके प्रेमी आकाश बाघमारे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था। जब साक्षी ने शादी से इनकार कर उससे दूरी बनाने की कोशिश की तो आरोपी उसे घुमाने के बहाने जंगल ले गया और कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वारदात को आत्महत्या का रूप देकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
29 अक्टूबर को जंगल में मिला था नर्स का शव
घटना रामपायली थाना क्षेत्र के ग्राम बोदलकसा की है। 29 अक्टूबर की रात जंगल में एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। मृतका की पहचान लिंगमारा निवासी 21 वर्षीय साक्षी डोहरे के रूप में हुई थी।
साक्षी बालाघाट के एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत थी। शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शुरुआती पूछताछ में उसके प्रेमी आकाश बाघमारे ने दावा किया कि साक्षी ने पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
हालांकि घटनास्थल की परिस्थितियों और परिजनों के बयानों के बाद पुलिस को इस कहानी पर संदेह हुआ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आया मौत का कारण
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मृतका के परिजनों के बयान दर्ज किए। डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साक्षी की मौत का कारण गला घुटना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने हत्या के संदेह में जांच आगे बढ़ाई।
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे तथ्य मिले, जिनके आधार पर साक्षी के प्रेमी आकाश बाघमारे को आरोपी बनाया गया।
शादी से इनकार करने पर जंगल ले जाकर हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक आरोपी आकाश बाघमारे की उम्र 26 वर्ष है और वह तिरोड़ी थाना क्षेत्र के गोरेघाट का रहने वाला है।
आकाश और साक्षी के बीच प्रेम संबंध थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आकाश युवती पर प्रेम विवाह करने का दबाव बना रहा था, लेकिन साक्षी शादी के लिए तैयार नहीं थी और उससे दूरी बनाना चाहती थी।
आरोप है कि इसी बात से नाराज आकाश ने साक्षी को मोटरसाइकिल पर घुमाने के बहाने बुलाया। इसके बाद वह उसे बालाघाट से करीब 50 किलोमीटर दूर बोदलकसा के जंगल में ले गया।
पुलिस के अनुसार जंगल में आरोपी ने साक्षी की गला घोंटकर हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या दिखाने के लिए साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया।
मोटरसाइकिल और मोबाइल समेत रस्सी जब्त
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आकाश बाघमारे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, उसका मोबाइल फोन, मृतका का मोबाइल और एक रस्सी बरामद की गई है।
पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड के लिए जेएमएफसी न्यायालय वारासिवनी में पेश किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है। हत्या से जुड़ी परिस्थितियों और बरामद साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →