MP News: भोपाल में 292 नशीले इंजेक्शन के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार, स्कूटर की डिक्की से मिली प्रतिबंधित दवा

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नशीले इंजेक्शनों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निशातपुरा पुलिस ने 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के स्कूटर की डिक्की से ब्यूप्रेनॉरफिन हाइड्रोक्लोराइड के 2-2 एमएल के कुल 292 इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। जब्त इंजेक्शनों की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इंजेक्शन कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि जेल रोड स्थित सी साइट रेस्टोरेंट के पास एक युवक नशीले इंजेक्शन लेकर आने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और एक्सेस स्कूटर से जा रहे संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। स्कूटर की डिक्की से इंजेक्शन मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान प्रेम शर्मा के रूप में हुई
पुलिस ने गिरफ्तार युवक की पहचान प्रेम शर्मा (22), पिता भगतराम शर्मा, निवासी द्वारिका नगर, बजरिया के रूप में की है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2-2 एमएल के 292 इंजेक्शन जब्त किए गए।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इंजेक्शनों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इंजेक्शनों की खेप कहां से आई थी और इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।





