Bhopal Airport Security Lapse: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा में चूक का आरोप, नागरिक उड्डयन मंत्रालय को लिखा पत्र, जांच और कार्रवाई की मांग

भोपाल। राजधानी भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था में चूक का आरोप लगा है। मामला 23 नवंबर का है, जब केंद्रीय मंत्री इंडिगो की फ्लाइट 6E-6259 से यात्रा कर रहे थे। आरोप है कि विमान और सीट में बदलाव की समय पर जानकारी नहीं दी गई। इसके अलावा प्रोटोकॉल स्टाफ की अनुपस्थिति के चलते केंद्रीय मंत्री को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। मामले को लेकर शिवराज सिंह चौहान के ओएसडी भूपेंद्र सिंह परस्ते ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र लिखकर जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विमान और सीट बदलने की समय पर नहीं दी सूचना
केंद्रीय मंत्री के ओएसडी की ओर से लिखे गए पत्र में एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल उठाए गए हैं।
आरोप है कि केंद्रीय मंत्री के विमान और सीट में किए गए बदलाव की जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके चलते यात्रा के दौरान असुविधा हुई।
प्रोटोकॉल स्टाफ की अनुपस्थिति पर उठाए सवाल
पत्र में आरोप लगाया गया है कि एयरपोर्ट पर प्रोटोकॉल स्टाफ मौजूद नहीं था। इसके कारण केंद्रीय मंत्री की रिसीविंग और सामान के प्रबंधन में भी परेशानी हुई।
इसके अलावा सुरक्षा जांच के दौरान उनके सहयात्रियों को रोककर पूछताछ किए जाने से देरी होने की बात भी कही गई है।
एयरोब्रिज पर भीड़ के बीच करना पड़ा इंतजार
आरोप है कि एयरपोर्ट पर व्यवस्थाएं ठीक नहीं होने के कारण केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को एयरोब्रिज पर भीड़ के बीच इंतजार करना पड़ा।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर केंद्रीय मंत्री के कार्यालय ने सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था में कथित लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय से कार्रवाई की मांग
केंद्रीय मंत्री के ओएसडी भूपेंद्र सिंह परस्ते ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को पत्र भेजकर पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की मांग की है। साथ ही लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।
एयरपोर्ट प्रशासन और इंडिगो की प्रतिक्रिया का इंतजार
फिलहाल इस मामले में राजाभोज एयरपोर्ट प्रशासन, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और इंडिगो एयरलाइंस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि केंद्रीय मंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था में किस स्तर पर चूक हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।





