Bhopal Fake IAS Officer Arrested: 12वीं पास युवक 14 साल से PMO का अफसर बनकर कर रहा था ठगी, ममेरे भाई ने खोली पोल, करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में पदस्थ आईएएस अधिकारी बताकर करोड़ों रुपए की ठगी करने के आरोपी को गांधीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी रामानुज गुर्जर महज 12वीं पास है। आरोप है कि वह पिछले 14 साल से अलग-अलग नाम और पहचान के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था। उसने वकीलों को नौकरी, सरपंचों और बिल्डरों को टेंडर दिलाने के नाम पर लाखों रुपए ऐंठे। हाल ही में हथियार का लाइसेंस बनवाने के नाम पर सात लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में आरोपी का पैसे लेते हुए एक वीडियो भी सामने आया है, जिसे कथित तौर पर उसके ममेरे भाई ने बनाया था।
वकीलों, सरपंचों और बिल्डरों को बनाया निशाना
जानकारी के मुताबिक, रामानुज गुर्जर खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय में पदस्थ आईएएस अधिकारी बताकर लोगों को अपने प्रभाव में लेता था।
आरोप है कि उसने सरकारी नौकरी और टेंडर दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपए लिए। वर्ष 2012 में राजस्थान के जयपुर में एक वकील से पांच लाख रुपए की ठगी करने का मामला भी सामने आया था।
इसके अलावा भोपाल के हबीबगंज थाने में छह सरपंचों से 12 लाख रुपए की ठगी करने का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में आरोपी लंबे समय तक जेल में भी रहा।
जेल से छूटने के बाद नाम बदलकर फिर शुरू की ठगी
आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद भी रामानुज गुर्जर ने ठगी का सिलसिला बंद नहीं किया। उसने नाम और पहचान बदलकर फिर से खुद को बड़ा सरकारी अधिकारी बताना शुरू कर दिया।
हाल ही में उसने एक व्यक्ति को हथियार का लाइसेंस बनवाने का झांसा देकर सात लाख रुपए ले लिए। फरियादी से नकद और ऑनलाइन माध्यम से रकम लेने की बात सामने आई है।
ममेरे भाई ने बनाया पैसे लेते हुए वीडियो
इस पूरे मामले में आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि वीडियो में आरोपी फरियादी से पैसे लेते हुए नजर आ रहा है।
यह वीडियो कथित तौर पर आरोपी के ही ममेरे भाई ने बनाया था। इसके बाद आरोपी की गतिविधियों का खुलासा हुआ।
10 से अधिक थानों में ठगी की शिकायतें
रामानुज गुर्जर के खिलाफ 10 से अधिक थानों में धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इन शिकायतों में करोड़ों रुपए की ठगी के आरोप हैं।
भोपाल की गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि, आरोपी ने अब तक कुल कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया और उनसे कितनी रकम हासिल की, इसका पूरा विवरण अभी सामने नहीं आया है।





