Bhopal Leopard News: कटारा हिल्स में तेंदुए की मौजूदगी से दहशत, 10-12 जगह ट्रैप कैमरे; लाहरपुर पार्क में वॉकिंग पर रोक

भोपाल। राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद दहशत का माहौल है। वार्ड नंबर 55 के लाहरपुर स्थित इकोलॉजिकल पार्क के आसपास जंगल में तेंदुए का मूवमेंट सामने आने के बाद वन विभाग की टीमें पिछले दो दिनों से करीब 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में उसकी तलाश कर रही हैं।
हालांकि, अभी तक तेंदुए की सटीक लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी है। रात के समय उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने करीब 10 से 12 स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाए हैं।
लोगों की सुरक्षा को देखते हुए लाहरपुर इकोलॉजिकल पार्क में मॉर्निंग और इवनिंग वॉक पर रोक लगा दी गई है। आसपास के रहवासी इलाकों में भी अलर्ट जारी किया गया है।
दो दिन से जंगल में सर्चिंग, नहीं मिली सटीक लोकेशन
वन विभाग की टीमें अलग-अलग हिस्सों में लगातार सर्चिंग कर रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से जंगल और आसपास के इलाकों में तेंदुए के संभावित मूवमेंट वाले स्थानों की निगरानी की जा रही है।
रात के समय तेंदुए की गतिविधियों का पता लगाने के लिए लगाए गए ट्रैप कैमरों के फुटेज की भी जांच की जा रही है। कैमरों में मिलने वाले मूवमेंट और अन्य संकेतों के आधार पर तेंदुए की लोकेशन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
गांवों में मुनादी, लोगों को सतर्क रहने की अपील
तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है। लोगों से विशेष रूप से रात के समय सावधानी बरतने और तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने की अपील की गई है।
वन विभाग ने लोगों को तेंदुए का पीछा करने, उसे घेरने या उसके मूवमेंट की जानकारी लेने के लिए जंगल की ओर जाने से भी बचने की सलाह दी है।
सोसायटियों में WhatsApp ग्रुप से साझा की जा रही जानकारी
आसपास की रिहायशी सोसायटियों में भी लोगों को अलर्ट किया गया है। अरविंद विहार रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी संजीव दीक्षित के मुताबिक, सोसायटी के सदस्यों से पार्क की ओर नहीं जाने और रात में बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने को कहा गया है।
सोसायटियों के WhatsApp ग्रुप के जरिए भी तेंदुए के संभावित मूवमेंट और वन विभाग की कार्रवाई से जुड़ी जानकारी साझा की जा रही है। स्थानीय लोग पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।
लाहरपुर निवासी जितेंद्र परमार ने बताया कि तेंदुए के मूवमेंट की जानकारी सामने आने के बाद से लोगों में डर बना हुआ है। कई लोग रात में घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
पार्क के पीछे के हिस्से में रात में जाने से रोक
वन विभाग के अधिकारियों ने लोगों से खास तौर पर रात में इकोलॉजिकल पार्क के पीछे के हिस्से में नहीं जाने की अपील की है।
अधिकारियों के मुताबिक, तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद लगातार निगरानी की जा रही है। ट्रैप कैमरों से मिलने वाले फुटेज और मौके से मिले अन्य संकेतों के आधार पर सर्च ऑपरेशन को आगे बढ़ाया जा रहा है।
लोकेशन मिलते ही परिस्थितियों के अनुसार होगा रेस्क्यू
समरधा रेंज के रेंजर दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुए की तलाश के लिए वन विभाग की टीमें अलग-अलग हिस्सों में निगरानी कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि रहवासी इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। लोगों को तेंदुए के करीब जाने या उसका पीछा करने से मना किया गया है। रेस्क्यू टीम को भी निगरानी में लगाया गया है।
वन विभाग के मुताबिक, तेंदुए की सटीक लोकेशन मिलने के बाद परिस्थितियों का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखना है।
केरवा-कलियासोत इलाके में पहले से वन्यजीवों की मौजूदगी
भोपाल के शहर से सटे केरवा, कलियासोत, मेंडोरा, 13 शटर और दानिश पहाड़ी क्षेत्रों में पहले से ही बाघ-बाघिन की गतिविधियां सामने आती रही हैं।
इन इलाकों में बाघिन के साथ शावकों की मौजूदगी भी देखी गई है। वन्यजीव विशेषज्ञों के मुताबिक, वन विभाग इन क्षेत्रों में ट्रैप कैमरों के जरिए वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखता है और कैमरों से मिलने वाले मूवमेंट के आधार पर गश्ती दल की तैनाती की जाती है।
कटारा हिल्स और लाहरपुर क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना के बाद अब वन विभाग की निगरानी और सर्चिंग बढ़ा दी गई है। जब तक उसकी सटीक लोकेशन नहीं मिलती, वन विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और जंगल की ओर जाने से बचने की अपील की है।





