भोपाल MANIT फूड पॉइजनिंग: 40 छात्रों की तबीयत बिगड़ने के बाद मेस से 7 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए

भोपाल: मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MANIT) के हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग की घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच तेज कर दी है। शनिवार रात हॉस्टल में खाना खाने के बाद करीब 40 छात्रों की तबीयत बिगड़ने के मामले में रविवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हॉस्टल नंबर-10 की मेस का औचक निरीक्षण किया। टीम ने जांच के दौरान सात खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं। वहीं, शुरुआती निरीक्षण में मेस संचालक जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं करा सका।
मेस से लिए गए सात खाद्य पदार्थों के सैंपल
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मेस में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की। इस दौरान तीन विधिक और चार सर्विलांस सैंपल लिए गए।
विधिक सैंपल में उड़द दाल, मूंगफली और सेवई शामिल हैं। वहीं, सर्विलांस जांच के लिए चना, छोला, चावल और अरहर दाल के नमूने लिए गए हैं। सभी सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
मेस संचालक नहीं दिखा सका जरूरी दस्तावेज
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को कई दस्तावेज नहीं मिले। मेस संचालक खाद्य लाइसेंस, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस रिकॉर्ड और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इन कमियों को लेकर विभाग की जांच जारी है।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
अधिकारियों के मुताबिक, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर स्थिति लैब रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि शनिवार रात भोजन करने के बाद MANIT हॉस्टल के करीब 40 छात्रों ने उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत की थी। घटना के बाद छात्रों के स्वास्थ्य और मेस में भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे हैं। फिलहाल, फूड पॉइजनिंग की वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।




