IKCA Election 2026: प्रशांत कुशवाहा फिर निर्वाचित हुए भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के अध्यक्ष, नई कार्यकारिणी का गठन, देखें पदाधिकारियों की सूची

नई दिल्ली। भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ (आईकेसीए) की नई कार्यकारिणी का गठन हो गया है। प्रशांत कुशवाहा को एक बार फिर संघ का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। दिल्ली में आयोजित संघ की वार्षिक आम बैठक और चुनाव बैठक में वर्ष 2026 से 2030 तक के लिए पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का निर्वाचन संपन्न हुआ। निर्वाचन अधिकारी एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी सुधीर त्रिपाठी ने चुनाव परिणामों की आधिकारिक घोषणा की। चुनाव प्रक्रिया के दौरान भारतीय ओलंपिक संघ के पर्यवेक्षक मनिंदर पाल सिंह भी मौजूद रहे।
बिपिन दास बने महासचिव, प्रशांत सिंह रघुवंशी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
प्रशांत कुशवाहा के साथ समीर बलराम मुंगेकर, सुरेश कुमार गुप्ता और बीना सुबैर को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया है।
बिपिन दास को महासचिव, जबकि बेथनाबेली बलराम नायडू, प्रबजीव सिंह और मरिया जान को संयुक्त सचिव चुना गया है। प्रशांत सिंह रघुवंशी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारी
अध्यक्ष – प्रशांत कुशवाहा
उपाध्यक्ष – समीर बलराम मुंगेकर, सुरेश कुमार गुप्ता एवं बीना सुबैर
महासचिव – बिपिन दास
संयुक्त सचिव – बेथनाबेली बलराम नायडू, प्रबजीव सिंह एवं मरिया जान
कोषाध्यक्ष – प्रशांत सिंह रघुवंशी
कार्यकारिणी सदस्य – भगवानस्वरूप वैष्णव, के. जयाबालन, आशीष भट्टाचार्य, रागिना किरो, मनजीत सिंह एवं नमिता चंदेल।
एथलीट्स कमीशन के प्रतिनिधियों को भी मिली जगह
नई कार्यकारिणी में खिलाड़ियों के प्रतिनिधित्व को भी स्थान दिया गया है। मनजीत सिंह और नमिता चंदेल एथलीट्स कमीशन के प्रतिनिधियों के रूप में कार्यकारिणी का हिस्सा होंगे।
दिल्ली में आयोजित वार्षिक आम बैठक और चुनाव प्रक्रिया में संघ के विभिन्न प्रतिनिधियों एवं सदस्यों ने हिस्सा लिया।
युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर रहेगा जोर
आगामी चार वर्षों में नई कार्यकारिणी का प्रमुख लक्ष्य देश में कयाकिंग एवं कैनोइंग के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना होगा।
इसके साथ ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सुधार लाने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
प्रशांत कुशवाहा के दोबारा अध्यक्ष निर्वाचित होने के साथ ही अब नई कार्यकारिणी पर देश में कयाकिंग एवं कैनोइंग खेल के विस्तार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियां बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।





