भोपाल में विधायक प्रीतम लोधी के सरकारी बंगले में चोरी, एक्टिवा-सिलेंडर और नल की टोटियां ले गए चोर

भोपाल। राजधानी भोपाल में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के 45 बंगला स्थित सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने खाली पड़े बंगले का ताला तोड़कर वहां खड़ी एक्टिवा, दो गैस सिलेंडर और नल की टोटियां चोरी कर लीं। मामले में विधायक के भतीजे राजेश लोधी की शिकायत पर टीटी नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, विधायक प्रीतम लोधी और उनके भतीजे 23 जुलाई को सरकारी आवास पर ताला लगाकर शिवपुरी चले गए थे। इसके बाद बंगला करीब दो महीने तक बंद रहा। 30 सितंबर की रात करीब 11 बजे राजेश लोधी जब बंगले पर पहुंचे तो पीछे की ओर लगा ताला टूटा हुआ मिला।
अंदर जाकर देखने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला। जांच करने पर एक्टिवा और दो गैस सिलेंडर गायब मिले। चोरों ने बंगले में लगी नल की टोटियां भी निकाल ली थीं। इसके बाद राजेश लोधी ने पुलिस को सूचना दी।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
टीटी नगर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात के समय और चोरों के आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहरे के अनुसार, सरकारी आवास जुलाई से बंद था। शिकायत के आधार पर चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।





