Bhopal No UPI Day: आज भोपाल के बाजारों में नहीं चलेगा UPI, MDR चार्ज के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन

Bhopal No UPI Day: आज भोपाल के बाजारों में नहीं चलेगा UPI, MDR चार्ज के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन
भोपाल। UPI भुगतान पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट यानी MDR चार्ज लगाए जाने के विरोध में भोपाल के व्यापारियों ने गुरुवार को ‘नो UPI डे’ मनाने का फैसला किया है। चावल-दाल व्यापारी संघ, हनुमानगंज-जुमेराती की अपील पर बाजार के व्यापारियों से 8 अक्टूबर को UPI से भुगतान स्वीकार नहीं करने और सांकेतिक आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है।
भोपाल किराना व्यापारी महासंघ के महामंत्री विवेक साहू ने कहा कि UPI आज व्यापारियों और आम लोगों के लिए भुगतान का आसान और तेज माध्यम बन चुका है। ऐसे में UPI पर MDR चार्ज लगाने से छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। इसी के विरोध में व्यापारी संगठन ने ‘नो UPI डे’ के जरिए अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।
व्यापारियों ने सरकार से फैसले पर पुनर्विचार की मांग की
चावल-दाल व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेश रामरख्यानी और सचिव सचिन संगतानी ने कहा कि व्यापारियों ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने में लगातार सहयोग किया है। डिजिटल लेनदेन और ‘डिजिटल इंडिया’ अभियान को आगे बढ़ाने में व्यापारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
व्यापारी संगठनों की मांग है कि सरकार MDR से जुड़े प्रस्ताव या फैसले पर पुनर्विचार करे और छोटे एवं मध्यम व्यापारियों की व्यावहारिक परेशानियों को ध्यान में रखे।
संघ ने बाजार के व्यापारियों से 8 अक्टूबर को ‘नो UPI डे’ में शामिल होने और UPI भुगतान स्वीकार नहीं कर अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने की अपील की है। व्यापारियों का कहना है कि यह आंदोलन सांकेतिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →