Bhopal Luminescence Dating Lab: भोपाल में देश की तीसरी ल्यूमिनेसेंस डेटिंग लैब का लोकार्पण, 10 लाख साल पुराने अवशेषों की हो सकेगी वैज्ञानिक जांच

Bhopal Luminescence Dating Lab: भोपाल में देश की तीसरी ल्यूमिनेसेंस डेटिंग लैब का लोकार्पण, 10 लाख साल पुराने अवशेषों की हो सकेगी वैज्ञानिक जांच

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुरातत्व और वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) परिसर में स्थापित देश की तीसरी अत्याधुनिक 'डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला' और गैलरी का लोकार्पण किया। इस प्रयोगशाला की मदद से करीब 10 लाख साल पुराने अवशेषों और घटनाओं का वैज्ञानिक अध्ययन किया जा सकेगा। इससे प्राचीन सभ्यताओं के कालखंड, मानव विकास और पूर्व की जलवायु परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। भोपाल को नॉलेज सिटी और उज्जैन को साइंस सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।

सीएम बोले- सरकार आसानी से मान जाए तो फिर सरकार ही क्या है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम के दौरान सरकारी व्यवस्था में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि सरकारी व्यवस्था में कई तरह की उलझनें होती हैं। सरकार को समझाना और मनाना आसान नहीं होता है। यदि सरकार आसानी से मान जाए तो फिर सरकार ही क्या है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सबके बावजूद सोच के अनुरूप नवाचार और वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़े प्रकल्प धरातल पर उतर रहे हैं।

आखिरी बार कब पड़ी थी सूर्य की रोशनी, वैज्ञानिक लगा सकेंगे पता

मुख्यमंत्री ने कहा कि ल्यूमिनेसेंस डेटिंग तकनीक की मदद से जमीन में दबे खनिज कणों पर आखिरी बार सूर्य की रोशनी कब पड़ी थी, इसका वैज्ञानिक आकलन किया जा सकेगा।

इस तकनीक से पुरातात्विक स्थलों और अवशेषों से जुड़े कालखंड का निर्धारण करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा प्राचीन सभ्यताओं, मानव विकास और हजारों-लाखों साल पहले की प्राकृतिक परिस्थितियों का अध्ययन भी किया जा सकेगा।

भोपाल में इस अत्याधुनिक प्रयोगशाला की स्थापना से पुरातत्व और भूविज्ञान के क्षेत्र में शोध की नई संभावनाएं खुलेंगी।

डॉ. वाकणकर के योगदान को मुख्यमंत्री ने किया याद

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के पुरातत्व के क्षेत्र में दिए गए योगदान को भी याद किया।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद डॉ. वाकणकर ने अपने शोध और परिश्रम के बल पर देश-दुनिया में अलग पहचान बनाई।

विश्व प्रसिद्ध भीमबेटका की ऐतिहासिक धरोहर को सामने लाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उनके नाम पर अत्याधुनिक प्रयोगशाला की स्थापना उनके अनुसंधान और वैज्ञानिक परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

भोपाल बनेगा नॉलेज सिटी और उज्जैन बनेगा साइंस सिटी

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने स्पेस टेक पॉलिसी लॉन्च की है। प्रदेश में डीप टेक रिसर्च पार्क की स्थापना के लिए करीब 100 एकड़ जमीन भी चिह्नित की गई है।

उज्जैन को धार्मिक और औद्योगिक नगरी के साथ अब साइंस सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, राजधानी भोपाल को नॉलेज सिटी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रमादित्य शोध पीठ को जल्द ही विक्रमादित्य अकादमी का स्वरूप दिया जाएगा।

विश्वविद्यालयों और आईआईटी के सहयोग से खगोल विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनुसंधान को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से शोध परियोजनाओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने को कहा।

भारतीय मनीषियों के नाम पर होंगे रिसर्च पार्क के चार टावर

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सह-सरकार्यवाह सुरेश सोनी ने प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के समन्वय पर जोर दिया।

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित डीप टेक रिसर्च पार्क के चार टावरों का नाम भारतीय मनीषियों के नाम पर रखा गया है।

खगोल विज्ञान से जुड़े टावर का नाम वराहमिहिर, ज्ञान परंपरा के लिए सांदीपनि, कृषि अनुसंधान के लिए बलराम और आधुनिक तकनीक के लिए आर्यभट्ट के नाम पर तय किया गया है।

शोध को लैब से लैंड तक ले जाने की जरूरत

सुरेश सोनी ने कहा कि वैज्ञानिक अनुसंधान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसका लाभ उद्योगों और आम लोगों तक भी पहुंचना चाहिए।

उन्होंने शोध और तकनीक को 'लैब से लैंड' तक ले जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही प्राचीन भारतीय ज्ञान के वैज्ञानिक अध्ययन और आधुनिक तकनीक के साथ उसके समन्वय की बात कही।

उज्जैन को फिर वैश्विक काल गणना का केंद्र बनाने पर जोर

सुरेश सोनी ने कहा कि प्राचीन समय में उज्जैन काल गणना का प्रमुख केंद्र हुआ करता था। उनके मुताबिक, औपनिवेशिक काल में यह केंद्र ग्रीनविच चला गया।

उन्होंने कहा कि उज्जैन को एक बार फिर वैश्विक काल गणना के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जाने चाहिए।

हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इस लक्ष्य को केवल आस्था और भावनाओं के आधार पर हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए तर्क, तथ्य, वैज्ञानिक अनुसंधान और प्रयोगों के माध्यम से प्रमाण प्रस्तुत करने होंगे।

'महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम' पुस्तक का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कॉफी टेबल बुक 'महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम' का भी विमोचन किया।

इस अवसर पर पद्मश्री से सम्मानित पुरातत्वविद् नारायण जी व्यास का अभिनंदन किया गया। इसके अलावा वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न संस्थानों के बीच समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर भी हस्ताक्षर किए गए।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →