Hurun India Philanthropy List 2026: इंदौर के उद्योगपति विनोद अग्रवाल देश के बड़े दानदाताओं में 60वें स्थान पर, 24 करोड़ रुपए का किया दान

Hurun India Philanthropy List 2026: इंदौर के उद्योगपति विनोद अग्रवाल देश के बड़े दानदाताओं में 60वें स्थान पर, 24 करोड़ रुपए का किया दान

इंदौर। मध्य प्रदेश के सबसे अमीर उद्योगपति और कोयला कारोबारी विनोद अग्रवाल ने एक बार फिर देश के बड़े दानदाताओं की सूची में जगह बनाई है। एडेलगिव हुरुन इंडिया फिलान्थ्रोपी लिस्ट-2026 में विनोद अग्रवाल 24 करोड़ रुपए के घोषित दान के साथ देश में 60वें स्थान पर रहे हैं। खास बात यह है कि वह लगातार छठी बार इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हुए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार उनके दान की राशि में पांच करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, देश के बड़े दानदाताओं की सूची में उनकी रैंकिंग में भी 11 स्थान का सुधार हुआ है।

लगातार छठी बार हुरुन की सूची में बनाई जगह

विनोद अग्रवाल वर्ष 2021 से लगातार देश के बड़े दानदाताओं की सूची में शामिल हो रहे हैं। पिछले साल उन्होंने 19 करोड़ रुपए का दान दिया था और देश में 71वां स्थान हासिल किया था।

इससे पहले वर्ष 2024 में 20 करोड़ रुपए के दान के साथ वह 58वें और वर्ष 2023 में 34 करोड़ रुपए के दान के साथ 31वें स्थान पर रहे थे।

वर्ष 2022 में उन्होंने 30 करोड़ रुपए का दान देकर 34वां स्थान हासिल किया था। वहीं, वर्ष 2021 में 11 करोड़ रुपए के दान के साथ वह 66वें स्थान पर रहे थे।

छह साल में 138 करोड़ रुपए का दान

2026- 24 करोड़ रुपए, 60वां स्थान

2025- 19 करोड़ रुपए, 71वां स्थान

2024- 20 करोड़ रुपए, 58वां स्थान

2023- 34 करोड़ रुपए, 31वां स्थान

2022- 30 करोड़ रुपए, 34वां स्थान

2021- 11 करोड़ रुपए, 66वां स्थान

10,200 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ एमपी के सबसे अमीर उद्योगपति

सितंबर 2026 में जारी एमएम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट-2026 में भी विनोद अग्रवाल ने मध्य प्रदेश के सबसे धनी उद्योगपति के रूप में पहला स्थान हासिल किया था।

इस सूची में उनकी अनुमानित संपत्ति 10,200 करोड़ रुपए आंकी गई थी। देश के सबसे अमीर लोगों की सूची में उन्हें 365वां स्थान मिला था।

कोयला कारोबार के साथ विनोद अग्रवाल लंबे समय से सामाजिक और धार्मिक सेवा गतिविधियों से भी जुड़े हुए हैं।

उज्जैन से अयोध्या तक चला रहे अन्नसेवा प्रकल्प

विनोद अग्रवाल बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी हैं। उनके मार्गदर्शन में फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, अन्नसेवा, गोसेवा, खेलकूद और जनकल्याण से जुड़े कई प्रकल्प संचालित कर रहा है।

इनमें उज्जैन का महाकाल अन्नक्षेत्र, अयोध्या का चमेली देवी अग्रवाल अन्नक्षेत्र, अन्नपूर्णा सेवा परियोजना और नीना विनोद अग्रवाल अन्नप्रसादम प्रमुख हैं।

इसके अलावा फाउंडेशन की ओर से जरूरतमंद बच्चों के हृदय रोगों के उपचार में आर्थिक सहयोग, नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, शिक्षा और गोसंरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं।

बोले- व्यापार की सफलता का लाभ समाज को भी मिलना चाहिए

विनोद अग्रवाल का कहना है कि ईश्वर ने जो सामर्थ्य दिया है, उसका एक हिस्सा समाज कल्याण के कार्यों में जरूर लगाना चाहिए।

उनका मानना है कि व्यापार में मिली सफलता तभी सार्थक है, जब उसका लाभ जरूरतमंद लोगों तक भी पहुंचे।

अग्रवाल के मुताबिक, समाजसेवा उनके लिए केवल दान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और मानवता की सेवा करने का माध्यम है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →