Bhopal Railway Station News: चलती ट्रेन से उतरते समय मां-बेटी प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसीं, RPF जवान ने बचाई जान

भोपाल।भोपाल रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश में एक महिला और उसकी 15 वर्षीय बेटी ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गईं। मंगलवार सुबह हुई इस घटना में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान की तत्परता से दोनों की जान बच गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
बेटी के वॉशरूम जाने से ट्रेन छूटने में हुई देरी
जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय सुनीता अपनी बेटी लावन्या के साथ शान-ए-भोपाल एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12156) से भोपाल पहुंची थीं। मंगलवार सुबह करीब 7:35 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ट्रेन खड़ी थी। इसी दौरान बेटी वॉशरूम चली गई। कुछ देर बाद ट्रेन चलने लगी।
बताया गया कि ट्रेन रवाना होने के दौरान मां-बेटी ने उतरने की कोशिश की, लेकिन उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच गिर गईं।
RPF जवान ने तुरंत खींचकर बाहर निकाला
प्लेटफॉर्म के A3 और A5 बीट क्षेत्र में ड्यूटी कर रहे RPF आरक्षक मदसूदन ने दोनों को गिरते देख लिया। उन्होंने बिना देर किए मां-बेटी को सुरक्षित बाहर निकाला। जवान की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
RPF ने दोनों से प्राथमिक उपचार लेने के बारे में पूछा, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया।
RPF की यात्रियों से अपील
इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश न करें। ट्रेन के पूरी तरह रुकने के बाद ही सुरक्षित तरीके से चढ़ें या उतरें।
रेलवे ने यात्रियों को आगाह किया है कि जल्दबाजी में उठाया गया एक कदम जानलेवा साबित हो सकता है।





