छतरपुर में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता यात्रा का रथ खराब, दूसरे रथ से पन्ना के लिए हुए रवाना

छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ‘सनातन हिंदू एकता यात्रा’ के दौरान अचानक उनके आधुनिक रथ में तकनीकी खराबी आ गई। इंजन में समस्या आने के कारण यात्रा करीब आधे घंटे तक रुकी रही। हालांकि, दूसरे खुले रथ की व्यवस्था होने के बाद यात्रा फिर शुरू हो गई और धीरेंद्र शास्त्री पन्ना जिले के लिए रवाना हो गए।
इंजन में खराबी के कारण थमी यात्रा
जानकारी के मुताबिक, यात्रा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जिस आधुनिक रथ पर सवार थे, उसके इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते रथ आगे नहीं बढ़ सका और कुछ समय के लिए यात्रा की रफ्तार थम गई। इस दौरान आयोजकों ने स्थिति संभालने के लिए दूसरे रथ की व्यवस्था की।
दूसरे रथ से आगे बढ़े धीरेंद्र शास्त्री
रथ में आई खराबी के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दूसरे खुले रथ पर सवार हुए। खराब रथ को बमीठा में छोड़कर वे अपनी यात्रा आगे बढ़ाने के लिए पन्ना जिले की ओर रवाना हो गए। रथ में तकनीकी समस्या आने के बावजूद यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और समर्थकों का उत्साह बना रहा।
यात्रा में लगातार जुड़ रहे श्रद्धालु
‘सनातन हिंदू एकता यात्रा’ के आगे बढ़ने के साथ ही अलग-अलग स्थानों पर लोग धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का स्वागत कर रहे हैं। आयोजकों के मुताबिक, यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। रास्ते में जगह-जगह स्वागत के बीच यात्रा आगे बढ़ रही है।




