Gwalior Crime News: सोते परिवार को कमरों में बंद कर 26 लाख रुपए से अधिक की चोरी, बकाया रकम मांगने पर कांच कारोबारी को धमकी देने का आरोप

Gwalior Crime News: सोते परिवार को कमरों में बंद कर 26 लाख रुपए से अधिक की चोरी, बकाया रकम मांगने पर कांच कारोबारी को धमकी देने का आरोप

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अपराध से जुड़े दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पिंटू पार्क में चोरों ने घर में सो रहे परिवार के सदस्यों को कमरों में बाहर से बंद कर 25 लाख 30 हजार रुपए के जेवरात और 90 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। वहीं, महलगांव क्षेत्र के एक कांच कारोबारी ने बकाया रकम नहीं देने और उठवा लेने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

परिवार के सदस्यों को कमरों में बंद कर की चोरी

गोला का मंदिर थाना क्षेत्र के पिंटू पार्क में मुक्तिधाम के पास रहने वाले संतोष सिंह रजक के परिवार के सदस्य रात में खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे।

इसी दौरान चोर घर में घुसे और परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडी बाहर से लगा दी। इसके बाद अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर फरार हो गए।

सुबह दरवाजा नहीं खुला तो हुआ चोरी का खुलासा

सुबह जब संतोष सिंह की पत्नी शारदा देवी उठीं तो उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। बाद में दरवाजा खुलने पर परिवार के सदस्यों को चोरी की जानकारी मिली।

चोर अलमारी में रखे सोने के हार, चूड़ियां, अंगूठियां, झुमके, बाले, चांदी की करधनी और पायजेब ले गए। चोरी हुए जेवरात की कीमत करीब 25 लाख 30 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा अलमारी में रखे 90 हजार रुपए नकद भी गायब मिले।

परिवार की शिकायत पर गोला का मंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

कांच कारोबारी ने लगाया 2.93 लाख रुपए की धोखाधड़ी का आरोप

दूसरा मामला महलगांव क्षेत्र का है। यहां कांच कारोबारी अंकित जैन ने क्राइम ब्रांच में शिकायत दर्ज कराई है।

अंकित के मुताबिक, उन्होंने अनंत शर्मा के घर करीब तीन लाख 93 हजार रुपए का कांच का काम किया था। इसके एवज में उन्हें केवल एक लाख रुपए का भुगतान किया गया, जबकि दो लाख 93 हजार रुपए अब भी बकाया हैं।

कारोबारी का आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर भुगतान करने से इनकार कर दिया गया और उन्हें उठवा लेने की धमकी भी दी गई।

दूसरे पक्ष ने किया नकद भुगतान का दावा

वहीं, अनंत शर्मा की ओर से कारोबारी के आरोपों को खारिज किया गया है। दूसरे पक्ष का दावा है कि रकम का नकद भुगतान किया जा चुका है और शिकायत के जरिए उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

डीएसपी क्राइम ब्रांच मनीष यादव ने दोनों पक्षों को एसपी कार्यालय बुलाकर उनके बयान दर्ज किए हैं। पुलिस भुगतान से संबंधित साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →