Dhirendra Shastri News: धीरेंद्र शास्त्री बोले- गरबा पंडाल में गोमूत्र पिलाकर दें एंट्री, सागर में लव जिहाद मुक्त बनाने की कही बात

Dhirendra Shastri News: धीरेंद्र शास्त्री बोले- गरबा पंडाल में गोमूत्र पिलाकर दें एंट्री, सागर में लव जिहाद मुक्त बनाने की कही बात
सागर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अपनी सनातन हिंदू एकता रथयात्रा के दौरान दिए गए बयानों को लेकर चर्चा में हैं। 11 अक्टूबर से शुरू हुई यह यात्रा 13 अक्टूबर की रात सागर जिले के गढ़ाकोटा पहुंची। यहां बस स्टैंड पर आयोजित कार्यक्रम में शास्त्री ने नवरात्र और गरबा पंडालों का जिक्र करते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की।
गरबा पंडाल में गोमूत्र पिलाकर प्रवेश देने की बात
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि गरबा आयोजनों में कुछ लोग अपनी पहचान छिपाकर आ सकते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों की तुलना पौराणिक पात्र कालनेमि से की। शास्त्री ने गढ़ाकोटा और सागर को ‘लव जिहाद मुक्त’ बनाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि वे साधु हैं, नेता नहीं, लेकिन लोगों को जागरूक कर सकते हैं।
गौरतलब है कि शास्त्री इससे पहले दमोह में गरबा पंडालों में गोमूत्र पिलाकर प्रवेश देने की बात कह चुके हैं। उनके इस बयान को लेकर गरबा आयोजनों में पहचान की जांच और प्रवेश व्यवस्था पर बहस हो सकती है।
जात-पात मिटाने और नशामुक्ति की अपील
गढ़ाकोटा में कार्यक्रम के बाद रथयात्रा रहली की ओर रवाना हुई। रहली बायपास सहित रास्ते में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कड़ता गांव, ढाना, बम्होरी बीका और अन्य स्थानों से होते हुए यात्रा आगे बढ़ी।
रथ से संबोधित करते हुए शास्त्री ने कहा, “जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई।” उन्होंने लोगों से आपसी भेदभाव छोड़ने, एक-दूसरे की मदद करने और शराब छोड़कर गांवों को नशामुक्त बनाने की अपील भी की। यात्रा रात करीब 2:30 बजे बालाजी मंदिर परिसर पहुंची, जहां दिव्य दरबार आयोजित किया गया और रात्रि विश्राम हुआ।
जेन-जी के प्रदर्शन पर भी रखी राय
मीडिया से बातचीत में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि रथयात्रा के जरिए कम समय में अधिक स्थानों तक पहुंचा जा रहा है। उन्होंने लोगों से आपसी तनाव से बचने और एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा, “तनातनी नहीं, सनातनी रहें और एक रहेंगे, नेक रहेंगे।”
दिल्ली में जेन-जी के प्रदर्शन के सवाल पर शास्त्री ने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं को अपनी बात रखने का अधिकार है। साथ ही उन्होंने युवाओं से यह ध्यान रखने की अपील की कि उनके प्रदर्शन से देश की छवि प्रभावित न हो।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →