Gandhi Jayanti 2026: CM मोहन यादव ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन, बोले- PM मोदी देश को आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रहे

Gandhi Jayanti 2026: CM मोहन यादव ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन, बोले- PM मोदी देश को आत्मनिर्भरता की ओर ले जा रहे
भोपाल। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दोनों महापुरुषों को नमन किया। इस मौके पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आत्मनिर्भरता और स्वदेशी को बढ़ावा देने की बात कही।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का लोकतंत्र पूरी दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता से जुड़े विचारों को आगे बढ़ाते हुए देश को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ले जा रहे हैं।
'मेक इन इंडिया और मेड इन इंडिया से स्वदेशी को बढ़ावा'
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के लंबे शासन का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में अंग्रेजों की सोच और व्यवस्थाओं की विरासत आगे बढ़ी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 'मेक इन इंडिया' और 'मेड इन इंडिया' की भावना के साथ स्वदेशी को बढ़ावा दिया जा रहा है और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश के दो प्रमुख नायकों महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती एक साथ मनाना गर्व का विषय है।
कैप्टन स्मित मछार के साहस को किया याद
मुख्यमंत्री ने इस दौरान पायलट कैप्टन स्मित मछार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मछार ने इजरायल के एक यात्री विमान में यात्रियों की जान बचाने के लिए साहस का परिचय दिया।
डॉ. यादव ने कहा कि उनके इस साहस और मानवता की भावना से देशवासियों का गौरव बढ़ा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन स्मित मछार को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने उनके साहस, शौर्य और मानवता की भावना को नमन करते हुए शुभकामनाएं दीं।
अमित शाह के भोपाल दौरे का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के भोपाल दौरे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शाह के कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, पशुपालकों को प्रोत्साहन देने और युवाओं के कौशल विकास से जुड़े प्रयासों को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, भोपाल में गोपालक सम्मेलन के साथ अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा IISER परिसर से जुड़े कार्यक्रम और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण सहित विभिन्न विकास कार्य भी प्रस्तावित हैं।
नक्सलवाद के बाद नशामुक्ति पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश नक्सलवाद से मुक्त हुआ है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में विकास, जनकल्याण और युवाओं के लिए बेहतर अवसरों के साथ सामाजिक चुनौतियों से निपटने के प्रयासों को आगे बढ़ाना है।
The Naradmuni Desk

लेखक के बारे में

The Naradmuni Desk

Naradmuni News Network

The Naradmuni-Credible source of investigative news stories from Central India.

View all posts by The Naradmuni Desk →