MP News: ग्वालियर में श्रीराम के वीडियो देखने पर पत्नी पर तलवार से हमला, पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में धार्मिक वीडियो देखने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला सामने आया है। हजीरा थाना क्षेत्र के बड़ागेट कांचमिल में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
श्रीराम का वीडियो देखने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, बड़ागेट कांचमिल निवासी 36 वर्षीय रीतू तोमर अपनी बच्ची के साथ कमरे में मोबाइल पर भगवान श्रीराम के वीडियो देख रही थीं। इसी दौरान उनके 38 वर्षीय पति करनवीर उर्फ करू सिंह तोमर वहां पहुंचे।
आरोप है कि पति ने रीतू से श्रीराम के वीडियो देखने से मना किया और महाकाल के वीडियो देखने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद के दौरान पति ने पत्नी को तलाक देने की धमकी भी दी।
सिर गर्दन और हाथ पर किए वार
रीतू के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर पति घर के मंदिर में रखी तलवार उठा लाया। आरोप है कि उसने जान से मारने की धमकी देते हुए महिला के सिर और हाथ पर वार किए। कलाई पर गंभीर चोट लगने के बाद रीतू चीखते हुए घर से बाहर भागीं, लेकिन आरोपी ने पीछा कर उनकी गर्दन और घुटने के ऊपर भी तलवार से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल रीतू किसी तरह पड़ोसी के घर पहुंचीं और अंदर से कमरा बंद कर अपनी जान बचाई। कुछ देर बाद वह बेहोश हो गईं। शोर सुनकर पहुंचे परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है।





